-टेंट कारोबारी ने सीएम को लिखा पत्र
गाजियाबाद। प्रदेश भर के सभी जिलों से लॉकडाउन समाप्त हो चुका है। ऐसे में बैक्वट हाल, टेंट, कैटर्स आदि से जुड़े व्यापारियों ने विवाह समारोह बंद हॉल में आयोजन होने पर 100 और खुले में आयोजित होने वाले समारोह में 200 लोगों को शामिल होने की अनुमति देने की मांग को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश टेंट व्यापारी एसोसिएशन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चावला और प्रदेश महामंत्री रमाकांत तिवारी की ओर से लिखे पत्र में कोरोना और लॉकडाउन के कारण टेंट व्यवसाय को हुए नुकसान का जिक्र किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अशोक चावला ने बताया कि कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर अब लगभग समाप्त हो चुकी है। प्रदेश के सभी जनपदों से लॉकडाउन भी समाप्त हो चुका है। बाजार भी सुबह सात बजे से लेकर शाम सात बजे तक खुल गए हैं। ऐसे में टेंट व्यवसाय, फार्म हाउस, बैक्वट हॉल, मैरिज हॉल और कैटरर्स से जुड़े व्यवसाय को भी अनुमति मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मार्च 2020 से टेंट व्यवसाय लगभग बंद सा है। खर्चों का बोझ बढ़ता जा रहा है। टेंट व्यापारी आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जून और जुलाई में केवल दस दिन शुभ मुहुर्त है। इसके बाद देश शयनी एकादशी से देव उठावनी एकादशी तक देव सो जाने के कारण अनुष्ठान नहीं किए जाते हैं। इस कारण इन दस दिनों के लिए टेंट व्यवसाय को व्यापार करने की अनुमति मिलनी चाहिए। अशोक चावला ने कहा कि शादी व अन्य समारोह में एक साथ कवर्ड एरिया में सौ और खुले में दो सौ लोगों के शामिल होने की छूट मिलनी चाहिए। नगर निगम व नगर पंचायत की ओर से लगाए जाने वाले टैक्स को एक साल के लिए माफ करने की भी मांग की।
















