अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक, अलर्ट मोड पर आबकारी विभाग

-140 लीटर कच्ची शराब बरामद, 3200 किग्राम लहन नष्ट

गाजियाबाद। यूपी के अलीगढ़ में हुए जहरीली शराब कांड के बाद गाजियाबाद में आबकारी विभाग अलर्ट मोड पर है। जहरीली शराब को लेकर आबकारी विभाग का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एक तरफ जहां अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही हैं। वहीं, यह भी जांच की जा रही है कि कहीं दुकानों पर शराब की बिक्री में मानकों का उल्लघंन तो नहीं किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गाजियाबाद के निर्देशन में संयुक्त आबकारी आयुक्त, मेरठ जोन एवं उप आबकारी आयुक्त मेरठ प्रभार, मेरठ के मार्गदर्शन में जनपद में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री की रोकथाम के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा सेक्टर-3, आबकारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह हयाकी सेक्टर-2, आबकारी निरीक्षक अरूण कुमार सेक्टर-6 तथा थानाध्यक्ष टीला मोड़ ओमप्रकाश आर्या द्वारा मय आबकारी स्टाफ एवं पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से सेक्टर-3 स्थित सिरोरा और रिस्तल के जंगल एवं हिंडन खादर क्षेत्र में संदिग्ध स्थलों पर दबिश देकर गहन तलाशी की ली गई। छापेमारी में 140 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई एवं लगभग 3200 किग्राम लहन बरामद हुए। बरामद लहन को मौके पर नष्ट किया गया। जिला आबकारी अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ निरंतर अभियान जारी रहेगा। इसके लिए पुलिस एवं आबकारी विभाग की टीमें सक्रिय हैं। शराब माफिया से निपटने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। इसके मद्देनजर पिछले दिनों पांच सौ से ज्यादा शराब की दुकानों पर भी चेकिंग अभियान चलाया गया था। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस आदि चेक किए जा रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की बिक्री के दौरान मानकों की अनदेखी तो नहीं की जा रही है। वहीं लगातार चल रहे अवैध शराब के खिलाफ छापामार अभियान से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।