-डिप्टी डायेक्टर ने शिक्षकों को मनोविज्ञानिक रुप से प्रोत्साहित करने पर दिया जोर
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा उप निदेशक अमरेंद्र सिंह द्वारा जनपद में मंगलवार को समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरसी एवं एआरपी की जिला बेसिक शिक्षा के सभागार बैठक की। इससे पूर्व उन्होंने जनपद के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण भी किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) विनोद कुमार मिश्रा ने समस्त अधिकारियों व एकेडमिक टीम से परिचय कराते हुए पीपीटी के माध्यम से जनपद की स्थिति से अवगत कराया और इस बात पर प्रसन्नता भी व्यक्त की, आज प्रदेश स्तर पर डीबीटी नामांकन में गाजियाबाद की रैंकिंग प्रथम है तथा कायाकल्प में भी गाजियाबाद प्रथम 10 जनपदों में से एक है। जिसकी उपशिक्षा निदेशक ने सराहना की।

बेसिक शिक्षा उप निदेशक अमरेंद्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय मूलभूत साक्षरता और संख्या ज्ञान मिशन यानी निपुण भारत को सफल बनाने के लिए निर्देश दिया कि प्राथमिक कक्षाओं में भाषा और संख्या ज्ञान प्राप्त कराना है। यह भी सुनिश्चित करना है कि बच्चे कक्षा तीन तक पढऩे-लिखने और संख्या ज्ञान में ग्रेड स्तर की योग्यता प्राप्त करें। विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान का लक्ष्य प्राप्त किया जाए।

निपुण भारत की स्थिति से अवगत कराते हुए एसआरजी पूनम शर्मा ने बताया कि विद्यालयों में शिक्षक निपुण भारत के लक्ष्यों से परिचित हैं तथा उन्हें ससमय प्राप्त करने के लिए संकल्पित हैं। निपुण भारत के प्रशिक्षण की तैयारी प्रत्येक ब्लॉक में कर ली गई है और अगले सप्ताह से प्राथमिक विद्यालयों के प्रत्येक शिक्षक को निपुण भारत के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। एआरपी शरद चंद्र ने सुपर फिफ्टी ब्लॉक में नगर क्षेत्र के चयन होने की बात बताते हुए अपनी कार्य योजना से उपनिदेशक को अवगत कराया। बैठक में अवनीश कुमार तिवारी गुणवत्ता विशेषज्ञ- समग्र शिक्षा ने भी जनपद में समग्र शिक्षा के अंतर्गत होने वाले कार्यों की स्थलीय समीक्षा करने के पश्चात शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन के लिए अपने सुझाव एवं सुधार लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की।

मिड डे मील, निर्माण, बालिका शिक्षा एवं सामुदायिक सहभागिता पर चर्चा करने के पश्चात उप शिक्षा निदेशक अमरेंद्र सिंह ने बेसिक शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए शिक्षकों को मनोवैज्ञानिक रूप से प्रोत्साहित करने, उपलब्ध संसाधनों के साथ-साथ सामुदायिक सहयोग प्राप्त करते हुए विद्यालयों की स्थिति में सुधार लाने के लिए प्रयास करने और शिक्षा के समग्र विकास के लिए प्रत्येक को संकल्पबद्ध होने की अपील की। बीएसए विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि शिक्षा के उत्थान एवं गुणवत्ता के लिए तथा निपुण भारत के लक्ष्यों की सम प्राप्ति के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है। जिसका परिणाम आने वाले समय में परिलक्षित होगा। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी हेमेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, भूपेश कुमार, सर्वेश कुमार, यमुना प्रसाद, कुसुम सिंह एवं जिला समन्वयक गौरव त्यागी, अरविंद शर्मा, टिंकू कंसल, रुचि त्यागी एवं समस्त एसआरजी, एआरपी मौजूद रहे।
















