हिंडन सिविल टर्मिनल एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

जनपद में एडवाईजरी बोर्ड का गठन कराए जाने के निर्देश

गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने शुक्रवार को हिंडन सिविल टर्मिनल एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं की वहां पहुंच कर विस्तार से समीक्षा की। समीक्षा के दौरान हिंडन सिविल टर्मिनल एयरपोर्ट की डायरेक्टर सुश्री शोभा भारद्वाज ने जिलाधिकारी को सिविल टर्मिनल पर आ रही परेशानियों के संबंध में अवगत कराया। सुश्री शोभा ने बताया कि हिंडन एयरपोर्ट के नजदीक खाली पड़ी भूमि पर कूड़ा डाला जा रहा है, जिससे हिंडन एयरपोर्ट की ओर आने वाले व्यक्तियों को आने-जाने में असुविधा होती है। इसके साथ ही हिंडन एयरपोर्ट मोड़ पर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण पूरा रोड क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे आम जनता को हिंडन एयरपोर्ट आने-जाने एवं दिल्ली की ओर जाने वाले व्यक्तियों को कठिनाई हो रही है। इसके अतिरिक्त यह भी अवगत कराया है कि भोपुरा रोड से हिंडन एयरपोर्ट तक मिट्टी की सर्विस रोड पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। हिंडन सिविल टर्मिनल एयरपोर्ट की डायरेक्टर सुश्री शोभा भारद्वाज द्वारा बताई गयी परेशानियों के संबंध में जिलाधिकारी ने नगरायुक्त को निर्देशित किया। डीएम ने कहा कि वह हिंडन एयरपोर्ट के नज़दीक बताये गये खाली प्लॉट जहां कूड़ा डाला जा रहा है, को चिन्ह्ति कराकर उसकी साफ-सफाई कराया जाना सुनिश्चित कराएं। इसी प्रकार जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि वह हिंडन एयरपोर्ट मोड़ पर सड़क पर गड्ढे होने के कारण पूरा रोड क्षतिग्रस्त हो गया है, के संबंध में तत्काल सड़क की मरम्मत इत्यादि का कार्य कराया जाना सुनिश्चित कराएं, ताकि आम जनता को हिंडन एयरपोर्ट आने-जाने एवं दिल्ली की ओर जाने वाले व्यक्तियों को किसी प्रकार की कोई कठिनाई उत्पन्न न हो। इसके साथ ही भोपुरा रोड से हिंडन एयरपोर्ट तक मिट्टी की सर्विस रोड पर अवैध कब्जे को खाली कराने की कार्यवाही भी राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर सुनिश्चित कराएं। जिलाधिकारी ने जनपद में एडवाईजरी बोर्ड का गठन कराए जाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि एडवाईजरी बोर्ड में 3 सदस्य होंगे। एडवाईजरी बोर्ड विभिन्न कार्यों को संपादित करेगा।