-एक पेड़ माँ के नाम 2.0 महाअभियान के तहत जीडीए ने कब्जा मुक्त भूमि पर किया वृहद वृक्षारोपण
-अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई 800 करोड़ की भूमि पर लगे हजारों पौधे
-सदर विधायक संजीव शर्मा और जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने की पौधारोपण की शुरुआत
-पेड़ लगाना नहीं, उनका संरक्षण करना है असली जिम्मेदारी: संजीव शर्मा
-जीडीए को मिला 1.5 लाख पौधों का लक्ष्य, अब तक लगा चुका है 1 लाख से अधिक
-जिलाधिकारी दीपक मीणा बोले – 9 लाख पौधों का संकल्प, हर नागरिक की भूमिका अहम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण को जनांदोलन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम 2.0 महाअभियान के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इंदिरापुरम विस्तार योजना में एक ऐतिहासिक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। यह वही भूमि है जिसे हाल ही में अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया था। करीब ?800 करोड़ की कीमत वाली इस ज़मीन पर अब हरियाली लौट आई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक संजीव शर्मा और जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने पौधारोपण कर किया। विधायक संजीव शर्मा ने इस मौके पर कहा कि पेड़ लगाना एक संवेदनशील जिम्मेदारी है, और इसका संरक्षण उतना ही आवश्यक है जितना कि परिवार के किसी सदस्य की देखभाल।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक समाज के हर वर्ग को इस अभियान से नहीं जोड़ा जाएगा, तब तक वृक्षारोपण का असली उद्देश्य पूरा नहीं हो पाएगा। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि गाजियाबाद में लगभग 9 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने भी संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि पौधे लगाकर भूल जाना पर्याप्त नहीं, उनकी देखरेख ही असली सेवा है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि विभाग को 1.5 लाख पौधों का लक्ष्य मिला है, जिसमें से 1 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं और यह संख्या लक्ष्य से आगे जाएगी। उन्होंने कहा कि हमने आधुनिकता की दौड़ में पर्यावरण को जो नुकसान पहुंचाया है, अब उसे भरने की बारी हमारी है। इस भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के पीछे जीडीए का स्पष्ट उद्देश्य था जहां अतिक्रमण था, अब वहां हरियाली हो।
स्थानीय पार्षदों की शिकायत के बाद जीडीए की भू-अर्जन एवं संपत्ति शाखा की संयुक्त कार्रवाई में झुग्गियों और कबाड़ कारोबारियों से यह भूमि खाली कराई गई। अब इस पर वृहद वृक्षारोपण कर इसे हरा-भरा रूप दे दिया गया है। इस अवसर पर जीडीए बोर्ड सदस्य पवन गोयल, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी राजीव रतन सिंह, प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन, स्थानीय पार्षद, जीडीए अधिकारी और सैकड़ों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर एक पेड़ मां के नाम संकल्प के तहत पौधे रोपे और उनकी देखभाल का जिम्मा भी लिया।
















