हर घर तिरंगा, हर दिल में देशभक्ति

  • गाजियाबाद बनेगा राष्ट्रप्रेम की राजधानी, आजादी के 78वें साल पर स्कूलों से उठेगा तिरंगे का तूफान
  • जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इंडिपेंडेंट स्कूल्स फेडरेशन की ऐतिहासिक बैठक, स्वतंत्रता पर्व को लेकर तय हुई व्यापक कार्ययोजना

उदय भूमि संवाददाता

गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद आजादी के 78वें वर्षगांठ पर कुछ अलग कर दिखाने की तैयारी में है। हर घर तिरंगा अभियान को एक विराट जन-आंदोलन के रूप में साकार करने हेतु जिलाधिकारी सभागार में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इंडिपेंडेंट स्कूल्स फेडरेशन, गाजियाबाद के शीर्ष पदाधिकारी व प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ। यह बैठक सिर्फ एक आयोजन की योजना नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति की चेतना को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित हुई। स्वतंत्रता दिवस को नई ऊर्जा, रंग और राष्ट्रप्रेम के साथ मनाने के लिए 2 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक चलने वाले हर घर तिरंगा महाअभियान को छह दिवसीय कार्यक्रम श्रृंखला में विभाजित किया गया, जिसमें जनपद के प्रत्येक निजी विद्यालय की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में तय की गई योजना के अनुसार 8 अगस्त को सभी विद्यालयों में तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता, राखी निर्माण कार्यशाला, निबंध, कविता व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित होंगी।

स्कूल भवनों, सूचना पटों और कक्षाओं को तिरंगे की प्रेरणा से सजाया जाएगा। यह दिन बच्चों की रचनात्मकता और देशभक्ति की भावना को जोडऩे का माध्यम बनेगा। 11 अगस्त को तिरंगा महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि विधायक, महापौर, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान और पार्षद विद्यालयों में आमंत्रित किए जाएंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों की कला, राष्ट्रप्रेम और नेतृत्व को मंच प्रदान किया जाएगा। विजेता विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। 12 अगस्त को विद्यालयों के एनसीसी, स्काउट और एनएसएस से जुड़े छात्र-छात्राएं तिरंगा रैली में भाग लेंगे। यह रैली शहर और गांवों की सड़कों से गुजरते हुए हर कोने में देशप्रेम का संदेश फैलाएगी। 13 अगस्त को तिरंगा साइकिल यात्रा का आयोजन होगा, जो विद्यार्थियों को एकजुटता, ऊर्जा और अनुशासन का संदेश देगी।

इसी दिन सभी विद्यालय भवनों को तिरंगा थीम पर आधारित लाइटिंग से रोशन किया जाएगा, जिससे हर कोना देशभक्ति के रंगों से नहा उठेगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विशेष चित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। छात्रों को विभाजन की पीड़ा, संघर्ष और उसके सामाजिक प्रभावों से अवगत कराया जाएगा, जिससे उन्हें देश की एकता और अखंडता का महत्व समझ में आए।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परंपरागत झंडारोहण, राष्ट्रगान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ हर छात्र, शिक्षक व अभिभावक को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर सरकारी पोर्टल पर अपलोड करने की प्रेरणा दी जाएगी। यह कदम डिजिटल राष्ट्रप्रेम को भी बल देगा। बैठक के तुरंत पश्चात इंडिपेंडेंट स्कूल्स फेडरेशन की प्रबंध समिति ने एक आपात बैठक का आयोजन कर जनपद के सभी निजी विद्यालयों को जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों से अवगत कराया। सभी विद्यालयों से अनुरोध किया गया कि वे इस अभियान को पूर्ण ऊर्जा, प्रतिबद्धता और रचनात्मकता के साथ संपन्न करें। जनपद संरक्षक एवं अध्यक्ष डॉ. सुभाष जैन ने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, यह हमारी आजादी का जीता-जागता प्रतीक है।

यह हमें उन अनगिनत बलिदानों की याद दिलाता है जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर यह धरोहर हमें सौंपी। गाजियाबाद के सभी निजी विद्यालय ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को एक जनांदोलन बनाएंगे और आने वाली पीढिय़ों को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत करेंगे। बैठक में इंडिपेंडेंट स्कूल्स फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर.ए. जिंदल, सचिव गुलशन कुमार भाम्बरी, आलोक गर्ग, अजय जैन, सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य व प्रतिनिधि शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में इस अभियान को अभूतपूर्व बनाने का संकल्प लिया। जनपद आज फिर से स्वतंत्रता आंदोलन की भावना को जीने जा रहा है। हर गली, हर स्कूल और हर घर से तिरंगा लहराएगा और यह साबित करेगा कि भारत की आत्मा आज भी जीवित है और उसका रंग है केसरिया, सफेद और हरा।