त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर आबकारी विभाग हुआ चौकन्ना

बोलेरो गाड़ी में चेंबर बनाकर की जा रही थी शराब की तस्करी, तस्कर गिरफ्तार

7 लाख रुपए कीमत की 96 पेटी शराब बरामद

गाजियाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव व होली के त्योहार को देखते हुए शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। चुनाव के मद्देनजर गांवों में शराब की सप्लाई करने के लिए हरियाणा से महेंद्रा बुलेरो मैक्स गाड़ी में लाई जा रही अवैध शराब के 4650 पव्वे और 36 बोतल समेत 96 पेटी शराब को आबकारी विभाग और मसूरी थाना पुलिस की संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए तस्कर को गिरफ्तार कर अवैध शराब पकड़ी है। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई ने सरकार के राजस्व को होने वाले करीब 7 लाख रूपए की श्रति को बचा लिया। टीम ने शराब तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रदेश के आबकारी आयुक्त एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन के निर्देश पर छापेमार कार्रवाई की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि देर रात करीब साढ़े 11 बजे आबकारी निरीक्षक सुरेश कुमार चौधरी, आबकारी निरीक्षक विवेक दुबे प्रवर्तन मेरठ और मसूरी थाना प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र सिंह संयुक्त टीम के साथ पंचायत चुनाव में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी को रोकने के लिए ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे सुंदरदीप कॉलेज के पास मुखबिर की सूचना पर रात करीब साढ़े 11 बजे हरियाणा की तरफ से आते हुए महेंद्रा बुलेरो मैक्स यूपी-32 टी-6920 दिखाई दी। टीम ने रोककर ड्राइवर से पूछताछ करने पर गाड़ी को चेक किया। आबकारी निरीक्षक सुरेश कुमार चौधरी ने बताया कि स्क्रैप के नीचे पेटी में भरकर रखी गई शराब निकली। तलाशी लेने पर गाड़ी में रबर के स्क्रैप नीचे छुपा कर रखी गई 4650 पव्वे और 36 बोतल नाइट ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब हरियाणा मार्का बरामद की गई। मौके पर बुलेरोचालक दीपक पुत्र चंद्ररूप निवासी सैमण थाना महम जनपद रोहतक हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में बताया कि वह मालिक मांगेराम निवासी मसूदपुर हंसी जिला हिसार हरियाणा से शराब को पानीपत से बुलेरो मैक्स गाड़ी में छिपाकर चैंबर बनाकर बाराबंकी ले जा रहा था। पुलिस मांगेराम की तलाश कर रही है। चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। बरामद शराब करीब 7 लाख रुपए कीमत हैं। उधर, आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2 मोदीनगर के आबकारी निरीक्षक रमाशंकर सिंह और मोदीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र सिंह ने टीम के साथ संयुक्त रूप से तिबड़ा फाटक के पास से विनय पुत्र नत्थू सिंह निवासी गुरु नानक पुरा गली नंबर-3 मोदीनगर के कब्जे से 90 पव्वा रॉयल सीक्रेट व्हिस्की अरूणाचल मार्का 16.20.लीटर शराब बरामद की। टीम ने मौके से विनय को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। इसका साथी दीपक पुत्र जगमोहन मौके से फरार हो गया।