शराब तस्करों के गढ़ लोनी पर आबकारी विभाग बेहद सख्त

खादर क्षेत्र में उजाड़े गए कच्ची शराब निर्माण  के ठिकाने

गाजियाबाद। जनपद में लोनी क्षेत्र अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री का गढ़ बन गया है। वहां खादर क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने का धंधा हो रहा है। ऐसे में आबकारी विभाग ने लोनी में अवैध शराब का कारोबार रोकने को एड़ी से चोटी तक जोर लगा रखा है। खादर क्षेत्र में निरंतर छापेमारी कर कार्रवाई की जा रही है। शराब तस्करों की डिटेल जुटाकर प्रभावी कार्रवाई हो रही है। इसके चलते अवैध शराब के कारोबार से जुड़े कई अपराधी अपना ठिकाना तक बदल चुके हैं। दिल्ली से सटे जनपद गाजियाबाद में शराब तस्कर हमेशा आबकारी विभाग के लिए सिरदर्दी रहे हैं। वर्तमान में भी लोनी क्षेत्र शराब तस्करों का गढ़ बना है। वहां खादर क्षेत्र में गैरकानूनी तरीके से कच्ची शराब तैयार कराई जाती है। इसके लिए जगह-जगह भट्टियां तक लगाई गई हैं। प्रत्येक भट्टी पर कई-कई लोग काम करते हैं। लोनी में तैयार कच्ची शराब की बिक्री आस-पास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों तक में होती है। कच्ची शराब सेहत के लिए नुकसानदायक होती है। लोनी क्षेत्र को शराब तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने को आबकारी विभाग सख्त कदम उठा रहा है। खादर क्षेत्र में निरंतर दबिश देकर कच्ची शराब बनाने के ठिकानों को तहस-नहस किया जा रहा है। इसका परिणाम भी सामने आ रहा है। कच्ची शराब के कारोबार से जुड़े कई लोग फिलहाल ठिकाना बदल चुके हैं। आबकारी विभाग का कहना है कि लोनी में किसी सूरत में अवैध शराब का निर्माण एवं बिक्री नहीं होने दी जाएगी। इस धंधे से जुड़े लोगों पर ढूंढ़-ढूंढ कर कार्रवाई जारी है।

दिन-रात सतर्कता
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि समूचे जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन को रोकने की दिशा में बदस्तूर कार्रवाई चल रही है। लोनी क्षेत्र को लेकर विभाग ज्यादा सतर्क रहता है। आबकारी निरीक्षकों द्वारा वहां नियमित रूप से छापामार कार्रवाई की जा रही है। इसके अच्छे नतीजे भी सामने आ रहे हैं।
ओवर रेटिंग में फंसा शराब विक्रेता गिरफ्तार
जिला आबकारी विभाग द्वारा जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसके क्रम में विक्रम एंक्लेव साहिबाबाद में देसी शराब की दुकान पर टेस्ट परचेसिंग कराई गई। टेस्ट परचेसिंग के दौरान दुकान से ओवररेट में मदिरा की बिक्री किए जाने की पुष्टि हुई। तदुपरांत विक्रेता को आबकारी अधिनियम की धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया एवं देसी मदिरा दुकान के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2 टीएस हयांकी ने विभागीय स्टाफ तथा इंदिरापुरम पुलिस की मदद से शिप्रा कट के पास सर्विस रोड के किनारे दबिश दी। दबिश के दौरान सोनू पुत्र बम बहादुर, निवासी गली नंबर-24 न्यू रामनगर, थाना मानसरोवर पार्क दिल्ली को 86 पव्वे अवैध देशी मदिरा मार्का शिल्पा तनु मसालेदार के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरूद्ध पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।