जनपद में 5 अगस्त को अन्न महोत्सव

-अन्न के साथ नि:शुल्क बांटे जाएगें बैग: डीएम

गाजियाबाद। जनपद में आगामी 5 अगस्त को होने वाले प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न महोत्सव को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 5 अगस्त को अन्न महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत जनपद की चयनित उचित दर दुकानों पर उपस्थित लाभार्थियों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराएं राशन बैग में निशुल्क राशन वितरण कराया जाएगा। उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी रोली सिंह को निर्देशित करते हुए कहा कि अन्न योजना के तहत वितरण के लिए आवंटित खाद्यान्न की उठान प्रत्येक दिशा में 2 अगस्त तक सुनिश्चित कर ली जाए। जिस पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि आवंटित खाद्यान्न की उठान ससमय सुनिश्चित करा ली जाएगी एवं योजना अंतर्गत उठाई गई मात्रा को तत्परता से उचित दर दुकानों को निर्गत करा दिया जाएगा ताकि अन्न महोत्सव वाले दिन निर्बाध वितरण कराया जा सके। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी डॉ सीमा को निर्देशित करते हुए कहा कि वह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक उचित दर दुकानों पर खाद्यान्न की उपलब्धता डोर स्टेप डिलीवरी अथवा उचित दर विक्रेता द्वारा स्वयं उठान के माध्यम से सुनिश्चित कराई जाए। शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए राशन बैग को प्रत्येक उचित दर दुकानों पर पहुंचाना सुनिश्चित कराएं। साथ ही प्रत्येक उचित दर दुकान पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के प्रचार-प्रसार के लिए बैनर बनवाकर प्रदर्शित कराएं। उन्होंने निर्देशित किया कि अन्न महोत्सव वाले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश में अन्न महोत्सव के तहत चयनित उचित दर दुकानों पर उपस्थित लाभार्थियों से संवाद किया जाएगा जिसके लिए प्रत्येक उचित दर दुकान पर टेलीविजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे वहां उपस्थित जनमानस प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुन पाए एवं योजना के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त कर सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि अन्न महोत्सव के दिन प्रत्येक उचित दर दुकान पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन कड़ाई से सुनिश्चित कराएं। सरकार के इस महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराते हुए इस कार्यक्रम का सफल एवं भव्य आयोजन सुनिश्चित कराएं। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर डीपी सिंह, उप जिला अधिकारी लोनी शुभांगी शुक्ला, जिला पूर्ति अधिकारी डॉ सीमा, जिला खाद्य विपणन अधिकारी रोली सिंह सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।