साहिबाबाद पुलिस ने 4 शातिरों को गिरफ्तार किया
गाजियाबाद। ज्योतिष कॉल सेंटर के नाम पर नागरिकों से धोखाधड़ी करने का मामला प्रकाश में आया है। साहिबाबाद पुलिस ने कॉल सेंटर का खुलासा कर 4 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 लैपटॉप, 2 की-बोर्ड, 2 कैलकुलेटर, 18 लैंडलाइन फोन, 79 लॉकेट, 65 ज्योतिष अलग-अलग यंत्रम, 5 चेक बुक, 6 पैन, 2 स्टॉप पैड, 5 आधार कार्ड, 17 एटीएम कार्ड और 7 मोबाइल बरामद किए हैं। साहिबाबाद सीओ अलका दुबे ने बताया कि शुक्रवार की देर रात गली नंबर-5 इंंदिरा कॉलोनी साहिबाबाद के पास से चेकिंग के दौरान राकेश पुत्र रूदल सिंह निवासी-33बी साकेत एंक्लेव ग्राउंड फ्लोर राधे श्याम पार्क साहिबाबाद, कुनाल पुत्र ह्दयानंद निवासी बी-1 राधेश्याम पार्क सेक्टर-5 राजेंद्रनगर, हरीश कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी राधेश्याम पार्क राजेंद्रनगर, मुन्ना कुमार मिश्रा पुत्र कामेश्वर मिश्रा निवासी-165 सत्यम एंक्लेव आईएमआई कॉलेज साहिबाबाद को गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णु कौशिक ने बताया कि पूछताछ में मालूम पड़ा कि राकेश कॉल सेंटर का संचालक है। ज्योतिष कॉल सेंटर के जरिए लोगों को भविष्यवाणी करने के नाम पर धोखाधड़ी कर लोगोंं को फोन करते थे। ज्योतिष के नाम पर उनसे पैसे हड़पते थे। इसके बाद जो भी रुपए आते थे, उन्हें आपस में बांट लेते थे। इसके अलावा लोगों को भविष्य में कठिनाई बताकर उन्हें मूर्ख बनाकर लॉकेट और ज्योतिष यंत्र महंगे दाम में बेचते थे। गिरफ्तार किए गए ठग सैकड़ों लोगों के साथ अब तक लाखों रुपए की ठगी कर चुके है। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार करने के बाद सभी को जेल भेज दिया।
















