गाजियाबाद। हिंदी भवन दिल्ली में 15 मई को अंतरराष्ट्रीय काव्य संग्रह ‘भारत के भारत रत्न का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित होगा। समारोह में देश-विदेश के 150 से अधिक साहित्यकार भाग लेंगे। इस दौरान अटेवा गाजियाबाद की महिला जिलाध्यक्ष सीमा भड़ाना को काव्यरत्न सम्मानित किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय शब्द सृजन द्वारा आयोजित इस समारोह में देश के ख्याति प्राप्त साहित्यिक, सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियों द्वारा काव्य ग्रंथ का लोकार्पण किया जाएगा। ग्रंथ की सहभागी रचनाकार सीमा भड़ाना को काव्य रत्न सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। भारत रत्न महोत्सव को गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है, जिसमें 301 कवियों ने भारत रत्न विजेताओं पर ऑनलाइन काव्य पाठ किया था। उन्ही कवियों में से देश-विदेश के चयनित 215 कवियों की रचनाओं को स्थान दिया गया है। इस ग्रंथ में संपादन एवं संकलन की भूमिका अंतरराष्ट्रीय शब्द सृजन के अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार पांडेय एवं महासचिव ओंकार त्रिपाठी ने निभाई है। निकष प्रकाशन दिल्ली द्वारा ऐतिहासिक महत्व के इस ग्रंथ को प्रकाशित किया गया है। हिंदी साहित्य के इतिहास में पहली बार भारत रत्न प्राप्त विभूतियों को एक स्थान पर काव्य ग्रंथ के रूप में समेकित कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया गया है। इस काव्य ग्रंथ में अमेरिका, इंग्लैंड, नाइजीरिया, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत, अफ्रीका, कनाडा, इंडोनेशिया, दोहा क़तर, ऑस्ट्रेलिया आदि देशों सहित भारत के विभिन्न प्रांतों के रचनाकारों को स्थान दिया गया है। इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए संस्था के पदाधिकारी राज कुमार छापडिय़ा (मुंबई), अनुपमा पांडेय भारतीय (गाजियाबाद), ब्रज माहिर (फरीदाबाद), रजनीश स्वछंद (दिल्ली), देवेंद्र शर्मा देव (दिल्ली), गार्गी कौशिक (गाजियाबाद), डॉ. रजनी शर्मा चंदा (झारखंड), राजेश सिंह श्रेयस (लखनऊ), कुसुमलता कुसुम ( दिल्ली), मैत्री मेहरोत्रा (गाजियाबाद), डॉ. श्वेता सिन्हा (अयोबा अमेरिका) को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
















