गाजियाबाद। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को नगर निगम के पांचों जोन में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विजय नगर जोन के कुछ वार्डों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर नगरायुक्त का पारा चढ़ गया। उन्होंने इस स्थिति पर नाराजगी जाहिर कर संबंधित सुपरवाइजर एवं एसएफआई से स्पष्टीकरण लेने का आदेश नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिया।
शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने को नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर समय-समय पर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में नगरायुक्त तंवर ने बुधवार को फिर स्वच्छता कार्यों का जायजा लिया। ऐसे में विजय नगर जोन के कुछ वार्डों में सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं पाई गई। जिस पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश को संबंधित सुपरवाइजर तथा एसएफआई के लिए स्पष्टीकरण जारी करने का आदेश दिया गया। अन्य जोन में सफाई व्यवस्था बेहतर पाई गई।
भ्रमण के दौरान नगरायुक्त ने नवयुग मार्केट की साफ -सफाई का जायजा लिया। सम्राट चौक पर होने वाले अस्थाई अतिक्रमण को नियमानुसार हटवाने की कार्यवाही के संबंध में निर्देश दिए गए। इसके साथ-साथ नगरायुक्त द्वारा कैलाश नगर स्कूल का भ्रमण किया गया। जहां पर स्कूल की अध्यापिका तथा विद्यार्थियों से बात की गई। जिन्होंने स्कूल में किए गए कार्य की प्रशंसा की। ऐसे में नगरायुक्त ने संबंधित निर्माण टीम को मोटिवेट किया। शहर भ्रमण के दौरान नगरायुक्त के साथ स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. मिथिलेश, जोनल प्रभारी रामबली पाल, निर्माण विभाग के जेई शिव कुमार सरोज आदि मौजूद रहे।
















