24 दिन से लापता छात्रा: थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी पर गिरी गाज, निलंबित

-छात्रा की बरामदगी को लेकर पिता ने किया था आत्मदाह का प्रयास

गाजियाबाद। प्रॉपर्टी डीलर की नाबालिग बेटी के लापता होने के बाद शिकायत के बाद भी पुलिस द्वारा तलाश नहीं किए जाने पर आखिरकार मधुबन-बापूधाम थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह एवं सेक्टर-23 संजयनगर चौकी इंचार्ज पर गाज गिर गई। मेरठ जोन के आईजी प्रवीण कुमार ने थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह एवं चौकी इंचार्ज रंजीत कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
इन दोनों के खिलाफ उक्त आरोप में अनुशासनिक कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण दोनों को निलंबित किया गया। बता दें कि दैनिक दबंग दुनिया के 10 मई के अंक में मधुबन-बापूधाम थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह एसएसपी की बात भी नहीं मानते शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई। क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं एवं नाबालिग लड़की की बरामदगी को लेकर घोर लापरवाही के चलते दोनों पर आईजी जोन की गाज गिरी है। इन्हें निलंबित किया गया।

दरअसल, सेक्टर-23 संजयनगर के एम ब्लॉक में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर धीरेंद्र कुमार पुत्र प्रकाश चंद्र की 17वर्षीय बेटी तानिया 18 अप्रैल से लापता होने के संबंध में थाना मधुबन बापूधाम में मुकदमा दर्ज कराया गया। हिंदू एवं प्रतिवादी मुस्लिम समुदाय से होने के कारण सांप्रदायिक संवेदनशीलता को देखते हुए तत्कालीन एसएसपी ने बच्ची की सकुशल बरामदगी एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए थे। 23 और 30 अप्रैल को भी लिखित रूप में एवं कई बार मौखिक रूप से निर्देशित किए जाने के बाद भी बच्ची की बरामदगी और मुस्लिम समुदाय के युवक की गिरफ्तारी के कोई प्रयास न किए जाने एवं वादी मुकदमा द्वारा सोशल मीडिया पर पुलिस द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इससे क्षुब्ध होकर धीरेंद्र सिंह ने पूरे पीड़ित परिवार सहित 9 मई को सुबह 11 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पर आत्मदाह करने की पोस्ट वायरल की थी।

धीरेंद्र सिंह जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंंचे और उसने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़कर आत्मदाह का प्रयास किया। मगर पुलिस ने उसे दबोच लिया था। इस मामले की संवेदनशीलता के दृष्टिगत अपेक्षित रुचि लेकर कार्रवाई न करने और अपने कर्तव्य पालन मे घोर लापरवाही, उदासीनता, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता बरतने की वजह से आमजन में पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है। मेरठ जोन के आईजी प्रवीण कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह एवं चौकी इंचार्ज रंजीत कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए इनके खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी है। फिलहाल मधुबन-बापूधाम में थाना प्रभारी की नियुक्ति नहीं की गई है।