निगम स्कूल की छात्राओं ने पॉलीथिन के खिलाफ लोगों को किया जागरूक

गाजियाबाद। नगर निगम के नवयुग मार्केट चंद्रपुरी स्थित एमबी गल्र्स स्कूल की छात्राओं ने शुक्र्रवार को नवयुग मार्केट में रैली निकाल कर पॉलीथिन के खिलाफ लोगों को जागरूक किया। छात्राओं ने रंग-बिरंगी रगौली बनाई थी। पॉलीथिन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील भी की गई।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह एवं स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. अन्तिमा चौधरी ने छात्राओं का हौसला बढ़ाया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने स्कूल में पहुंचकर रैली को रवाना किया। इस दौरान स्कूल की सभी अध्यापिका,कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान छात्राएं हाथों मेंं तिरंगा झंडा लेकर चल रही थीं। रैली नवयुग मार्केट से होकर घंटाघर तक निकाली गई। छात्राओं ने पॉलीथिन से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को अवगत कराया। आम लोग और दुकानदारों से पॉलीथिन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई। छात्राएं हाथों में कपड़े के थैले भी लिए हुई थी।

उन्होंने लोगों से बाजार में खरीदारी के लिए कपड़े का थैला लेकर आने के लिए जागरूक किया। इस दौरान कुछ छात्राओं ने साफ-सफाई के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। नगर निगम द्वारा दो अक्टूबर तक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छता अभियान के तहत 154 घंटे का सफाई अभियान चल रहा है। इसके तहत शहर में विभिन्न जगह सफाई कराई जा रही है। लोगों को सफाई के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। यह अभियान दो अक्टूबर की शाम चार बजे तक चलेगा। नगर निगम की ओर से दो अक्टूबर तक एक कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। इसमें निगम के अधिकारी लोगोंं के साथ मिलकर सफाई करेंगे।