-30 नवंबर तक एक मुश्त समाधान योजना
गाजियाबाद। प्रदेश में विद्युत विभाग द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाने के लिए गुरूवार से लागू की गई एक मुश्त समाधान योजना के तहत अब उपभोक्ता लाभ उठा सकते है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने जिले के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से आहवान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाने के लिए एकमुश्त समाधान योजना शुरू की गई है। यह योजना आगामी 30 नवंबर तक जारी रहेगी। जनपद के सभी घरेलू, किसान, कॉमर्शियल विद्युत उपभोक्ता इसका लाभ उठाएं। एकमुश्त समाधान योजना के तहत बिजली के बिलों में 50 फीसद 100 फीसद तक की छूट उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के तहत 2 किलो वाट के घरेलू उपभोक्ता के लिए 100 फीसद ब्याज में छूट मिलेगी। वहीं,किसानों को ट्यूबवेल के बिलों में 100 फीसद छूट मिलेगी। कॉमर्शियल 2 किलोवाट तक के उपभोक्ता ओं को योजना का लाभ मिलेगा। इसमें भी 100 फीसद ब्याज में छूट होगी। इसके अलावा 2 किलोवाट से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं के लिए इससे अधिक 5 किलो वाट तक कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को बिलों में 50 फीसद की छूट प्रदान की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि बिजली के बकाएदारों का सूची से नाम हटवाने के लिए यह सुनहरा मौका है। इसके लिए उपभोक्ता अपने निकट के बिजली विभाग के एसडीओ, खंड काार्यलय, सेंटर, जन सुविधा केंद्रों पर जानकारी प्राप्त कर सकतेे हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1912 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती हैं।















