मास्टर प्लान 2041 की तैयारी : संस्थागत सेक्टर भी बढ़ेगा

यमुना प्राधिकरण की तैयारी, सेक्टर-22 एफ होगा विकसित

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत संस्थागत सेक्टर को और बढ़ाया जा रहा है। ऐसे में मास्टर प्लान-2041 में संस्थागत के लिए एक और सेक्टर में वृद्धि की जाएगी। नया सेक्टर-22 एफ के नाम से विकसित होगा। लगभग 1200 एकड़ में यह सेक्टर विकसित किया जाएगा।

यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) का 2041 का मास्टर प्लान तैयार हो रहा है। इस मास्टर प्लान में संस्थागत का एक सेक्टर और बढ़ाने की तैयारी चल रही है। भविष्य में सेक्टर-22 एफ के नाम से इसकी पहचान होगी है। इसके लिए करीब 1200 एकड़ भूमि निर्धारित की जाएगी ताकि वहां आने वाले संस्थानों को भूमि आवंटित की जा सके। संभावना जाहिर की गई है कि अगले एक माह में यमुना प्राधिकरण का मास्टर प्लान तैयार हो जाएगा। यमुना प्राधिकरण के पास अभी सेक्टर-22 ई और 17 ए संस्थागत सेक्टर है। 17 ए में 19 संस्थाओं को भूमि आवंटित हो चुकी है। इसमें कुछ भूमि व्यवसायिक उपयोग की भी आवंटित की गई है।

इसके अलावा यमुना प्राधिकरण के पास सेक्टर-22 ई भी संस्थागत सेक्टर है। इसमें भी कुछ आवंटन किए गए हैं। अधिकतर जमीन अभी खाली पड़ी है। दोनों सेक्टर करीब 2200 एकड़ के हैं। दरअसल यमुना प्राधिकरण का विस्तार हो रहा है। इसके मद्देनजर संस्थागत सेक्टर बढ़ाया जा रहा है ताकि हर तरह के संस्थान इस क्षेत्र में आ सकें। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि नए मास्टर प्लान में संस्थागत सेक्टर विकसित किया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।