राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की वर्चुअल मीटिंग

-गाजियाबाद से लाइव रहे मेयर और नगरायुक्त

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरवार को शाम 4 बजे कोरोना संक्रमण के मद्देनजर वर्चुअल मीटिंग की। इस दौरान कोरोना की रोकथाम के लिए सफाई व सैनिटाइजेशन के लिए विशेष अभियान चलाने और शुद्ध पेयजल आपूर्ति के निर्देश दिए गए। उच्चस्तरीय इस वर्चुअल मीटिंग में गाजियाबाद नगर निगम की मेयर आशा शर्मा एवं नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर भी लाइव रहे। उधर, अपर नगरायुक्त आर.एन. पांडेय, प्रमोद कुमार, शिव पूजन यादव, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, डॉ. अनुज कुमार सिंह आदि ने नगर निगम सभागार में लाइव बैठक में भाग लिया। राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री की वर्चुअल मीटिंग में नगर निगम की अभी तक की प्लानिंग की जानकारी ली गई। मेयर एवं नगरायुक्त द्वारा की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि महापौर आशा शर्मा के निर्देशन में शहर में जल आपूर्ति के लिए संसाधनों को व्यवस्थित करने के साथ जहां पर आपूर्ति नहीं हो रही है, वहां पर 54 टैंकरों से जल आपूर्ति की जा रही हैं। 700 नलकूप में 685 नलकूप से जलापूर्ति की जा रही है। 51 ओवर हेड टैंक से पानी की आपूर्ति की जा रही हैं। 73 जलभराव के स्थान एवं 500 से अधिक शहर के नालों की रेड, येलो, ग्रीन श्रेणी बनाकर सफाई कराई जा रही हैं। रेड श्रेणी में 27 नाले, येलो में 432 नाले व ग्रीन श्रेणी में 54 नालों को शामिल कर सफाई कराई जा रही है। निगरानी समिति का गठन कर उनके सहयोग से होम आइसोलेशन के मरीजों और बच्चों के अभिभावकों को आवश्यक सहायता दी जा रही है। सैनिटाइजेशन रोजाना कराया जा रहा है। श्मशान घाट से लेकर वैक्सीनेशन सेंटर, ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित कराई गई। इसमें क्षेत्र के पार्षदों का भी पूरा सहयोग लिया जा रहा हैं। महापौर एवं नगरायुक्त ने वर्चुअल मीटिंग के बाद अधिकारियों को कार्रवाई करने तथा रोजाना की रिपोर्ट उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए।