-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर निगम मुख्यालय में अधिकारियों ने किया निस्तारण कार्य आरंभ
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को संभव जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई का उद्देश्य शहरवासियों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करना था। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त पल्लवी सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एस. के. राय, प्रभारी प्रकाश आश कुमार, जोनल प्रभारी विजयनगर अमरनाथ, सहायक अभियंता जल शेषमणि यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने मिलकर नागरिकों की समस्याओं को सुना और आवश्यक कार्यवाही की। संभव जनसुनवाई में कुल चार संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें जल विभाग से संबंधित एक, निर्माण विभाग से संबंधित एक तथा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित दो संदर्भ शामिल थे। उपस्थित अधिकारियों की टीम ने सभी मामलों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। नगर निगम की यह तत्परता जनता के बीच विश्वास का प्रतीक बनी हुई है।
नंदग्राम ई-ब्लॉक से पानी की पाइपलाइन संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर नगर निगम ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए जलकल विभाग की टीम को मौके पर भेजा। टीम द्वारा निरीक्षण कर पाइपलाइन सुधार का कार्य आरंभ कर दिया गया, जिससे क्षेत्र के निवासियों को शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद है। इसी प्रकार सीताराम बाजार वार्ड संख्या 88 से सड़क मरम्मत की शिकायत प्राप्त हुई, जिस पर निर्माण विभाग को तुरंत कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। विभाग ने स्थल का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि संभव जनसुनवाई के अंतर्गत प्राप्त प्रत्येक संदर्भ पर अविलंब और पारदर्शी कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान से ही नगर निगम पर लोगों का भरोसा मजबूत होता है और यह प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। संभव जनसुनवाई में उपस्थित सभी अधिकारी नागरिकों की समस्याओं को लेकर बेहद संवेदनशील नजर आए। सहायक नगर आयुक्त पल्लवी सिंह ने कहा कि संभव जनसुनवाई का उद्देश्य जनता को सीधा मंच देना है ताकि उनकी शिकायतें बिना किसी विलंब के सुनी जा सकें। उन्होंने बताया कि नगर निगम पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ शहरवासियों की सेवा में लगा हुआ है।
नगर निगम की संभव जनसुनवाई अब नागरिकों के लिए एक सशक्त संवाद मंच के रूप में उभर रही है। यह न केवल जन समस्याओं के निस्तारण का माध्यम बन चुकी है, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच भरोसे की कड़ी भी साबित हो रही है। नगर निगम द्वारा निरंतर किए जा रहे ऐसे प्रयास शहर के सुचारू संचालन और नागरिक संतुष्टि की दिशा में एक सराहनीय पहल हैं।
















