तिरंगा महोत्सव की भव्य तैयारियां, नगर निगम ने शुरू किया 7 दिवसीय कार्यक्रम

गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर शहर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाए जाने के लिए नगर निगम ने विशेष तैयारियां की हैं। हर घर तिरंगा कार्यक्रम की सफलता को नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने मातहतों की जिम्मेदारी तय कर दी है। शहर में आजादी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत नगर निगम ने साप्ताहिक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की है। ऐसे में 11 से 17 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के संबंध में बाकायदा रोस्टर बनाया गया है। रोस्टर के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से कार्यक्रम होंगे।

गुरुवार से कार्यक्रम की शुरुआत हो गई। गुरुवार की सुबह 9 बजे नगर निगम मुख्यालय में तिरंगा झंडा लेकर प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभारी नजारत डॉ. अनुज कुमार के नेतृत्व में यह कार्यक्रम संपन्न कराया गया। इसी क्रम में नगर निगम के विद्यालयों में स्वतंत्रता संग्राम पर छात्राओं के लिए लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता होगी। 12 अगस्त को प्रात: 10 बजे छात्राओं द्वारा तिरंगा झंडा के साथ प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसकी जिम्मेदारी स्कूल की प्रधानाचार्य को सौंपी गई है। 13 अगस्त को प्रात: साढ़े 8 बजे नगर निगम के विद्यालयों में स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित नाट्य प्रस्तुति की जाएगी। इसी क्रम में 14 अगस्त को अमृत सरोवर कार्यक्रम का आयोजन होगा।

इसका दायित्व महाप्रबंधक (जल) आनंद त्रिपाठी को सौंपा गया है। सरोवर स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त राष्ट्रभक्ति पर आधारित वीर रस का कार्यक्रम होना है। 15 अगस्त को नगर निगम मुख्यालय तथा जोनल कार्यालयों पर प्रात: 8 बजे ध्वजारोहण कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसकी जिम्मेदारी प्रभारी नजारत डॉ. अनुज कुमार सिंह तथा जोनल प्रभारियों को सौंपी गई है। प्रात: 9 बजे नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज चंद्रपुरी में ध्वजारोहण होगा।

तदुपरांत 11 बजे मनन धाम मंदिर के सामने शहीद स्मारक पर स्वतंत्रता सेनानियों के साथ-साथ शहीद स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों के व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसी क्रम को आगे बढ़ाकर 16 अगस्त को सदरपुर स्थित तालाब पर सुबह 11 बजे से पौधारोपण होगा। अंतिम दिन यानी 17 अगस्त को नगर निगम विद्यालयों में स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को महापौर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा नगर निगम मुख्यालय पर सम्मानित किया जाएगा।

तिरंगा लाइट से जगमाएंगे मुख्य चौराहे और सरकारी दफ्तर
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने शहर में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार को इस संबंध में जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगरायुक्त तंवर ने बताया कि मुख्य चौराहों तथा शहीद स्थलों पर नगर निगम टीम के साथ-साथ क्षेत्रीय पार्षदों की उपस्थिति में विशेष स्वच्छता अभियान चलेगा। इसके अलावा ऐतिहासिक गेट, सरकारी दफ्तरों, जोनल कार्यालयों पर तिरंगा लाइट लगाई जाएगी। शहर में तिरंगा महोत्सव को धूमधाम से मनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील भी की गई है।