पंचायत चुनाव व होली में खपाने के लिए हरियाणा से कर रहें थे शराब की तस्करी

आबकारी विभाग ने लाखों की शराब समेत दो तस्करों को किया गिरफ्तार

गाजियाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव व होली के त्योहार को देखते हुए शराब की अवैध बिक्री पर रोक, माफिया पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग ने अभियान शुरू हो चुका है। आबकारी विभाग एवं मसूरी थाना पुलिस की टीम ने 2 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब बरामद की गई है। प्रदेश के आबकारी आयुक्त एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन के निर्देश पर छापेमार कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में पंचायत चुनाव तथा होली पर्व के दृष्टिगत अवैध शराब की बिक्री/परिवहन के रोकथाम हेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बुधवार को विवेक दुबे आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-3 मेरठ, टी.एस. ह्यांकी आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2 गाजियाबाद, आशीष पांडेय आबकारी निरीक्षक सेक्टर-4 गाजियाबाद तथा थाना मसूरी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से रोड चेकिंग के दौरान डासना से एक कार से अवैध शराब ले जा रहे 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पुनीत पुत्र रामकुमार निवासी मो. दिलजान कस्बा तिलहर, थाना तिलहर जिला शाहजहापुर तथा रविंदर पाल पुत्र लटूरी सिंह निवासी ग्राम बमनोसि थाना कादर चौक जिला बदायूं के कब्जे से 20 पेटियों में 1000 पौवे संतरा ब्रांड अवैध देशी शराब, 42 बोतल रेस ब्रांड अवैध विदेशी शराब व 12 बोतल नाईट ब्लू अवैध विदेशी शराब हरियाणा राज्य में बिक्री हेतु अनुमन्य बरामद हुई। आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई कर दोनों को जेल भेजा गया। प्रवर्तन-3 मेरठ आबकारी निरीक्षक विवेक दुबे ने बताया कि बरामद शराब की कीमत करीब सवा लाख रूपए है। पंचायत चुनाव तथा होली पर्व में खपाने के लिए सस्ते दामों में हरियाणा से शराब तस्करी कर बंदायू में तस्करी के लिए लाई जा रही थी। अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम के लिए निरंतर कार्रवाई हो रही है।