1.51 करोड़ बकाया, बीएसएनएल खाता कुर्क
गाजियाबाद। सरकारी विभागों पर वर्षो से बकाया हाउस टैक्स के चलते नगर निगम ने कार्र्रवाई शुरू कर दी है। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) पर हाउस टैक्स का बकाया 1.52 करोड़ 32 हजार 711 रुपए बकाया होने पर इसका बैंक खाता कुर्क करा दिया। नगर आयुक्त के आदेश पर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, कविनगर जोनल प्रभारी हरिकृष्ण गुप्ता ने टीम के साथ हाउस टैक्स बकाएदारों पर बड़ी कार्रवाई की हैं। बीएसएनएल के अलावा शास्त्रीनगर में गाजियाबाद पब्लिक स्कूल, लघु उद्योग निगम व कई औद्योगिक इकाइयों के भवनों को सील किया गया। जोन क्षेत्र में बकाएदारों से 33 लाख रुपए से अधिक वसूली की गई।
कविनगर जोनल प्रभारी हरिकृष्ण गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम पर 34 लाख 67 हजार 425 रुपए, सुपर इलेक्ट्रॉन प्राइवेट लिमिटेड पर 4 लाख 38 हजार 927 रुपए,न्यू गाजियाबाद पब्लिक स्कूल पर 3 लाख 23 लाख 83 रुपए,गर्भ पैकिंग इंडस्ट्री पर 2 लाख 5 हजार 359 रुपए व मोहन लाल जैन पर 98,425 रुपए बकाया जमा न करने पर इनकी बिल्डिंग को सील किया गया। हाउस टैक्स के बकाएदारों के खिलाफ जारी कार्रवाई के तहत 33 लाख 43 हजार 567 रुपए की वसूली भी की गई। कविनगर जोन क्षेत्र अंतर्गत हरक्यूलिस फ्यूजिंग बीएसआर पर 66 हजार 836 रुपए बकाया वसूला गया। वहीं, स्वास्तिक मेटाफोर्स पर 16 लाख 22 हजार 429 रुपए बकाया था। इन भवन स्वामी द्वारा सीलिंग की कार्रवाई होने से पहले ही 5 लाख रुपए का चेक दे दिया। कश्यप आर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड पर 2 लाख 65 हजार 867 रुपए बकाया होने पर सील करने के बाद भवन स्वामी द्वारा बकाया पैसा जमा करा दिया। बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।















