-दूसरे प्रदेशों से आने वाले यात्रियों की होगी रैंडम जांच
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मरीजों की वजह से स्वास्थ्य विभाग की टीम अब रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे मौजूद रहेंगी। स्टेशन पर दूसरे प्रदेशों से आने वाले यात्रियों की रैंडम जांच करेंगे। शनिवार को सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि रेलवे स्टेशन के अलावा पुराना बस अड्डा रोडवेज और कौशांबी बस अड्डे पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें रैंडम एंटीजन जांच कर रही हैं। बताया कि आईएलआई (इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस)और सारी (सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इंफेक्शन)के लक्षण वाले यात्रियों को होम कोरेंटाइन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम बीच-बीच में उनके घर जाएंगी और इस बात पर नजर रखेंगी कि वह होम कोरेंटाइन की गाइड लाइन का पालन कर रहे हैं या नहीं। सीएमओ ने कहा कि जिले में कोविड के मामले लगातार बढ रहे हैं। ज्यादा मामले दिल्ली से लगे क्षेत्र (ट्रांस हिंडन क्षेत्र) में देखने को मिल रहे हैं। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोग अक्सर दिल्ली और दूसरे प्रदेशों से भी आना-जाना करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, बाहर आने-जाने से बचने का प्रयास करें। ट्रेन से आने वाले यात्रियों की लगातार निगरानी की जा रही है। महाराष्ट्र आदि राज्यों से आने वाले रेल यात्रियों की एंटीजन किट से जांच की जा रही थी लेकिन अब सभी प्रदेशों से आने वाले रेल यात्रियों की रैंडम जांच स्टेशन पर की जाएगी। इसके अलावा बस अड्डों पर भी रैंडम जांच शुरू करा दी गई है। इसके साथ ही आईएलआई और सारी से मिलते जुलते लक्षण वाले यात्रियों को होम क्वेरेंटाइन में भेजा जा रहा है। सीएमओ ने जनपद वासियों से अपील की है कि मास्क और दो गज की शारीरिक दूरी के साथ ही हाथों की सफाई का पूरा ध्यान रखें। किसी से मिलना हो तो खुले में मिलें। बाहर से घर लौटने पर कपड़े बदल लें और संभव हो तो अच्छे से नहा लें। उन्होंने कहा कि इन सब बातों को हमें व्यवहार में शामिल करना होगा। यह व्यवहार हमें कोविड ही नहीं टीबी और संक्रमण की अन्य बीमारियों से भी बचाता हैं।















