मुख्य मार्ग और चौराहे का अद्भुत सौंदर्यीकरण

-नगर निगम के प्रयासों को जनता ने भी सराहा

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा मेयर आशा शर्मा व म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में शहर में विभिन्न स्थानों पर भिन्न-भिन्न तरीकों से सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। सिटी जोन स्थित नंदग्राम मुख्य मार्ग पर 30 फीट लंबा तथा 6 फीट चौड़ा रंगीन लाइट से सुसज्जित फाउंटेन का निर्माण कार्य कराया गया है, जिसकी लागत लगभग 270000 है। पार्षद कृष्णा त्यागी द्वारा अपने क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की मांग के क्रम में नगर निगम द्वारा मरियम नगर चौराहे पर कलरफुल फाउंटेन लगवाया गया, जिस स्थान से लगभग लाखों की संख्या में आगंतुक गुजरते हैं तथा इस फाउंटेन की शोभा को देखकर सभी काफी प्रभावित दिखाई दिए। क्षेत्रीय पार्षद, मेयर आशा शर्मा तथा म्युनिसिपल कमिश्नर के साथ-साथ गाजियाबाद नगर निगम की कार्यशैली का भी आभार क्षेत्रीय जनता द्वारा जताया गया। पार्षद कृष्णा त्यागी द्वारा बताया गया कि क्षेत्र में इस प्रकार के अद्भुत सौंदर्यीकरण से प्रभावित होकर क्षेत्रवासी फाउंटेन के साथ सेल्फी भी ले रहे हैं तथा क्षेत्रवासियों के चेहरे पर काफी खुशी दिखाई दे रही है। जिसका श्रेय महापौर तथा म्युनिसिपल कमिश्नर के साथ-साथ गाजियाबाद नगर निगम के मुख्य अभियंता निर्माण मोइनुद्दीन व अन्य टीम को भी जाता है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर इसी प्रकार के आकर्षण देखने को मिलेंगे, जो कि शहर की सुंदरता को और भी प्रभावित करेंगे।