हाई सिक्योरिटी प्लेट: 30 सितंबर तक नही लगवाई प्लेट तो कटेगा चालान

गाजियाबाद। वाहनों पर 30 सितंबर तक हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) नहीं लगवाई गई तो आपका चालान हो सकता है। इसके लिए वाहन स्वामी अब आवेदन जल्द कर लें। 30 सितंबर के बाद आपका चालान हो सकता है। एआरटीओ प्रशासन विश्वजीत प्रताप सिंह का कहना है कि वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवानी आवश्यक है। अगर 30 सितंबर तक प्लेट नहीं लगवाई और आवेदन जमा नहीं किया तो इसके बाद ऐसे वाहन चालकों को चालान किए जाएंगे। प्रदेश शासन के निर्देश पर सभी वाहनों पर एचएसआरपी लगवाना सुनिश्चित करने के लिए अब कवायद शुरू की गई है। जिले में एक अप्रैल 2019 से पूर्व में 62,605 वाहन पंजीकृत हैं जिसमें से 19 हजार से अधिक वाहनों में एचएसआरपी लग चुकी हैं। जबकि उपरोक्त समयावधि से पूर्व में 7,77,091 पंजीकृत हैं। उनमें से 2,20,473 वाहनों पर एचएसआरपी लग चुकी है। एचएसआरपी प्लेट न लगवाने और न उसके लिए आवेदन न करने वाले लोगों के वाहनों की फिटनेस जांच, पंजीयन प्रमाण पत्र की द्वितीय प्रति, स्वामित्व स्थानांतरण, पता परिवर्तन, पंजीयन नवीनीकरण, अनापत्ति प्रमाण पत्र, नया परमिट, परमिट की द्वितीय प्रति, परमिट नवीनीकरण, अस्थाई परमिट, विशेष परमिट, राष्ट्रीय परमिट समेत परिवहन कार्यालय से संबंधित अन्य काम पर रोक लगी हुई है। एआरटीओ प्रशासन विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि जिन वाहनों के स्वामियों ने अभी तक एचएसआरपी प्लेट नहीं लगवाई है। वह वाहन स्वामी 30 सितंबर तक एचएसआरपी प्लेट लगवा लें। चालान व परेशानी से बचने के लिए एचएसआरपी प्लेट अनिवार्य रूप से लगवा लें।