कपल का वीडियो बनाना हेडकांस्टेबल को पड़ा भारी

-वीडियो बनाकर कपल से की रूपयों की मांग, निलंबित 

गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र की बाइक पीआरवी पर तैनात हेडकांस्टेबल और होमगार्ड विपिन कुमार द्वारा युवक-युवती के फोटो एवं वीडियो बनाकर रुपए की मांग करने पर एसएसपी पवन कुुमार ने तत्काल प्रभाव से हेडकांस्टेबल ब्रजमोहन को निलंबित कर दिया। एसएसपी ने होमगार्ड के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए होमगार्ड के जिला कमांडेंट को लिखित में पत्र भेजा है।
एसएसपी ने बताया कि चेकिंग के नाम पर कार में बैठे युवक-युवती के फोटो खींचकर वीडियो बनाकर उनसे रुपए की मांग कर रहे थे। इस मामले के संज्ञान में आने पर पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने हेडकांस्टेबल ब्रजमोहन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कराई गई है। वहीं,होमगार्ड विपिन कुमार को तत्काल निलंबित कर इसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के लिए होमगार्ड के जिला कमांडेंट को पत्र भेजा है।