गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते केस और ऑक्सीजन की भारी कमी होने के चलते अब ऑक्सीजन सिलेंडर की रिफलिंग कराने के लिए सेंटरों पर भीड़ उमड़ रही है। अपनों की जान बचाने के लिए परिजन अब ऑक्सीजन का इंतजाम करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे है। ऑक्सीजन सिलेंडर में गैस रिफलिंग कराने के लिए सेंटर पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। जहां ऑक्सीजन पहुंचते ही कुछ देर में ही समाप्त हो जाती है। शुक्रवार को नवयुग मार्केट में ऑक्सीजन रिफिलिंग सेंटर पर सुबह से ही ऑक्सीजन लेने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। लोग ऑक्सीजन लेने के लिए कड़ी धूप में लाइन में घंटों तक खड़े रहे। लेकिन सेंटर पर ऑक्सीजन न होने के कारण एक घंटे तक लोगों को इंतजार करने के लिए कहा गया। इसके बाद भी लोग लाइन से नहीं हटे और वहीं डटे रहे। लोगों ने बताया कि वह काफी देर से लाइन में लगे हुए हैं। ऑक्सीजन खत्म हो गई और दोबारा ऑक्सीजन आने में समय लगेगा,ऐसे में अगर वह लाइन से हट गए और दोबारा ऑक्सीजन नहीं मिली तो दिक्कत हो जाएगी। इनमें से अधिकतर ऐसे लोग थे जिनके परिजन कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्हें ऑक्सीजन की कमी के चलते मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। देर रात भी नवयुग मार्केट के रिफलिंग सेंटर पर ऑक्सीजन लेने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं,शुक्रवार की सुबह फिर से लोग वहां ऑक्सीजन के लिए भीड़ जुट गई। सुबह के समय ऑक्सीजन आई जो तत्काल ही वितरित कर दी गई लेकिन उसके बाद भी काफी संख्या में लोग लाइनों में खड़े रहे जिन्हें ऑक्सीजन नहीं मिल पाई। ऑक्सीजन लेने के लिए अब लोगों की सेंटरों पर भीड़ उमड़ रही है। मगर प्रशासनिक स्तर से कोई व्यवस्था ऑक्सीजन की कमी को पूरा नहीं किया जा रहा है।
















