94.43 करोड़ की लागत के 68 कामों का शिलान्यास व लोकार्पण
मंत्री को उम्मीद, स्वच्छता सर्वेक्षण में टॉप टेन में आएगा नगर निगम
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के नगर विकास विभाग एवं नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री आशुतोष टंडन ने बुधवार को 68 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। यह सभी कार्य 94.43 करोड़ रुपए के हैं। इस दौरान मंत्री टंडन ने उम्मीद जताई कि स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार गाजियाबाद शहर टॉप-10 में जरूर आएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए जारी प्रयास प्रशंसनीय हैं। नगर निगम द्वारा हिंदी भवन लोहिया नगर में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने 68 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि उप्र में भाजपा सरकार बनने के बाद विकास कार्यों में तेजी आई है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। शहरी और ग्रामीणों क्षेत्रों का विकास करने के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध है। हम लोगों ने मिलकर विकास को गति दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की दुर्भावना से दूर रहकर विकास किया गया। उन्होंने कहा कि सभी स्थानीय निकाय जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और जन-समस्याओं के निवारण हेतु तत्परता से कार्य कर रहे हैं। केंद्र सरकार की तमाम योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश पूरे देश में अग्रणी है। स्मार्ट सिटी योजना में उत्तर प्रदेश पूरे देश में नंबर वन है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में भी उत्तर प्रदेश पूरे देश में नंबर वन है। रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के लिए शुरू की गई पीएम निधि योजना में भी उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ है।
मंत्री को अच्छे कार्यों से अवगत कराया
कार्यक्रम में नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने नगर विकास मंत्री को महापौर एवं पार्षदों के सहयोग से शहर में जारी विकास कार्यों से अवगत कराया। नगर विकास मंत्री ने शहर में सभी 100 वार्डों में 251 पार्क का सौंदर्यीकरण, निर्माण, महामाया स्टेडियम के पीछे स्थित भूमि पर बायोडायवर्सिटी फॉरेस्ट विकसित करने, वार्डों में 198 पार्कों को विकसित करने का शिलान्यास किया। वहीं, जलकल विभाग को 15वें वित्त आयोग से 100 पार्कों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग लगाने, सीवर लाइन, सड़क मरम्मत, पाइप लाइन डालने आदि कार्यों का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, विधायक सुनील शर्मा, अजीत पाल त्यागी, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगराध्यक्ष संजीव शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा, पूर्व महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, नगरायुक्त आरएन पांडेय, प्रमोद कुमार, शिवपूजन यादव, उद्यान प्रभारी डॉ.अनुज सिंह, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन खान, लेखाधिकारी राजेश गौतम, सहायक लेखा अधिकारी जेपी सिंह, जीएम जल योगेश श्रीवास्तव, एजुकेटिव इंजीनियर देशराज सिंह, आर के यादव, इंजीनियर अनिल त्यागी, देवी सिंह, रॉयल, श्याम सिंह, गणेशी लाल, संजय कुमार गंगवार, योगेश कुमार, दिनेश शर्मा, कपिल सिंह, पूजा सिंह, पार्षद राजीव शर्मा, मनोज गोयल, साक्षी, प्रदीप चौहान, हिमांशु लव, विनोद कसाना, पवन रेडी, तरुण शर्मा आदि मौजूद रहे।
नगर निगम के साथ समीक्षा बैठक
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने प्रताप विहार में गंगाजल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के गेस्ट हाउस में समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री टंडन ने महापौर आशा शर्मा एवं नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शहर में बेहतर तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे है। इससे इस बार शहर स्वच्छता में अव्वल रैंकिंग प्राप्त करेगा। नगरायुक्त ने बताया कि म्यूनिसिपल बॉन्ड की 150 करोड़ की धनराशि से पानी फैक्ट्री को देकर उपलब्ध राशि वसूल की जाएगी। करीब 50 हेक्टेयर भूमि को भू-माफिया से मुक्त कराया गया है। वहीं, शहर को प्लास्टिक टूरिज्म के रूप में विकसित करने, 46 तालाबों के जीर्णोद्धार, शहर के 87 स्कूलों का जीर्णोंद्धार कर डिजिटल प्लेटफार्म, स्मार्ट क्लास, 57 आधुनिक शौचालय, पिंक टॉयलेट आदि की जानकारी दी गई।
गजब पार्क की प्लानिंग
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के कार्य में लगे वाहनों को ग्रीन व्हीकल में परिवर्तित करने और शहर में नगर निगम द्वारा 100 खेल के मैदान बनाकर गजब पार्क के रूप में विकसित करने की प्लानिंग की गई है। ईआरपी सिस्टम स्थापित करने के अलावा टाटा स्टील के साथ एमओयू साइन कर सीएसआर फंड से यूपी गेट के पास प्रवेश द्वार का निर्माण, सड़क किनारे अतिक्रमण कर रोजगार करने वाले व्यक्तियों को व्यवसाय स्थल उपलब्ध कराने के साथ-साथ कब्जा मुक्त कराई गई कीमती जमीन पर नगर निगम प्लाजा का निर्माण कराया गया।
गार्बेज फैक्ट्री का निरीक्षण
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन बुधवार को महापौर आशा शर्मा, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर, अपर नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह के साथ सिहानी गांव भी पहुंचे। वहां नगर निगम द्वारा स्थापित की गई गार्बेज फैक्ट्री का निरीक्षण किया गया। नगरायुक्त ने बताया कि शहर का कचरा गार्बेज फैक्ट्री तक लाया जाता है और उस कचरे को गीला व सूखा अलग-अलग कर जैविक खाद के रूप में परिवर्तित किया जाता है। नगर विकास मंत्री ने इस पूरी प्रक्रिया को देखा। नगरायुक्त ने बताया कि रोजाना फैक्ट्री में लगभग 150 टन कचरा प्रोसेस कर जैविक खाद में परिवर्तित किया जाता है। सिहानी में 150 कैपेसिटी तथा रेत मंडी में 350 कैपेसिटी की गार्बेज फैक्ट्री लगाई गई है।
जनप्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने गंगाजल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (प्रताप विहार) के गेस्ट हाउस में जनप्रतिनिधियों संग भी चर्चा की। इस दौरान शहर में कराए जा रहे विकास कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया। नगर विकास मंत्री ने जिले में विकास कार्यों के बारे में राय ली। इस दौरान स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक सुनील शर्मा, विधायक मंजू सिवाच से क्षेत्र में विकास कार्यों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

नगर विकास मंत्री ने महापौर आशा शर्मा से गाजियाबाद को स्वच्छता रैंकिंग में उच्च स्थान पर लाने के लिए चर्चा की। महापौर ने शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर अपना प्रजेंटेशन दिया। बता दें कि नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन मंगलवार की रात गाजियाबाद पहुंचे थे। उन्होंने गंगाजल ट्रीटमेंट प्लांट प्रताव विहार के गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम किया था। बाद में बुधवार को उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। दोपहर बाद वह गाजियाबाद से हापुड़ और हापुड़ से मेरठ के लिए रवाना हो गए।
















