-एक बदमाश गोली लगने से घायल, दूसरा गिरफ्तार
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र अंतर्गत वसुंधरा में बुधवार की दोपहर में पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने के बाद घायल हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। इंदिरापुरम सीओ अभय कुमार मिश्र ने बताया कि मोहननगर चौराहे पर साहिबाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र चौबे टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगे। पुलिस टीम ने वायरलेस पर सूचना प्रसारित कर इनका पीछा किया। बदमाश वसुंधरा सेक्टर-1 में हिंडन पुश्ता रोड होते हुए इंदिरापुरम की ओर भागे। इंदिरापुरम थाना प्रभारी संजय पांडेय ने टीम के साथ सामने से घेराबंदी शुरू कर दी। बदमाश अपने को घिरता देखकर एलिवेटेड रोड के नीचे कच्ची सड़क की ओर भागे। इस दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। दोनों अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए। गोली लगने से घायल बदमाश चंदन उर्फ मिथुन पुत्र ओमप्रकाश सिंह भदौरिया निवासी शिव मंदिर के पास शंकर विहार छपरौला थाना बिसरख गौतमबुद्धनगर स्थाई पता गांव भोजपुरी थाना भिंड मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया गया। जबकि इसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस टीम इसे गिरफ्तार करने के लिए लगी हुई है। साहिबाबाद थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे एवं इंदिरापुरम थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश चंदन उर्फ मिथुन के खिलाफ बादलपुर, बिसरख, फेस टू गौतबुद्वनगर, सिहानीगेट, विजयनगर, गैंगस्टर, धौलाना हापुड़ थाने में 12 मुकदमे दर्ज हैं। लूट, चोरी छिनैती की वारदात को अंजाम देता था। सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस ने इसके पास से दिल्ली से चोरी की मोटरसाइकिल, तमंचा, दो कारतूस बरामद किए हैं।















