प्रचंड गर्मी में आबकारी विभाग की टीम ने शराब माफिया के अड्डों पर की छापेमारी

हिंडन खादर क्षेत्र में बन रही कच्ची शराब के अड्डों को किया नष्ट
25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर 150 किलोग्राम लहन को किया नष्ट

गाजियाबाद। जिले में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। पिछले कई दिन से गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह से ही चिलचिलाती धूप और लू के गर्म थपेड़ों से आम जनमानस परेशान है। वहीं इस तपती गर्मी में अवैध शराब के धंधे से जुड़े माफिया हिंडन खादर क्षेत्र में अपने धंधे को जमा रहे है। मगर आबकारी विभाग की टीम भी इन सबके बीच में उनके सभी इरादों पर पानी फेरने का काम कर रही है। हिंडन खादर क्षेत्र कच्ची शराब बनाने का धंधा कुटीर उद्योग के रूप में विकसित हुए धंधे को एक बार फिर से आबकारी विभाग की टीम ने भंडाफोड़ कर दिया। आबकारी विभाग की टीम हिंडन खादर क्षेत्र में बन रही कच्ची शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। मगर आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद भी शराब माफिया अपने धंधे को जमाने से पीछे नहीं हट रहे है। यह प्रयास एक बार नहीं बल्कि हजार बार कर चुके है।

लेकिन आबकारी विभाग की कार्रवाई के चलते अभी तक अपने इस धंधे में सफल नहीं हो पाए है। कार्रवाई के कुछ दिन बाद फिर से शराब माफिया कच्ची शराब का कारोबार शुरू कर देते है। अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए गठित आबकारी विभाग की टीम ने अभियान चलाकर अवैध शराब की भट्टी को ध्वस्त कर दिया। बुधवार को हुई कार्रवाई में शराब माफिया को आबकारी विभाग की कार्रवाई की सूचना मिल गई थी। जिसके चलते आबकारी विभाग की टीम को दूर से देख वह कच्ची शराब और लहन से भरे ड्रम को छोड़कर मौके से फरार हो गए। अधिक नशेदार शराब बनाने के चक्कर में कच्ची शराब के माफिया द्वारा नित्य नये-नये प्रयोग करके शराब निकालने के कच्चे माल लहन में मानव जीवन के लिये हानिकारक जहरीली दवाओं, खादों तक का इस्तेमाल करते है।

आबकारी विभाग की टीमें कार्रवाई के साथ-साथ देहात क्षेत्र के लोगों को अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए सहयोग की अपील भी कर रही है। जिससे लोगों के जीवन को बचाया जा सकें। क्योंकि शराब माफिया अपनी कमाई के चक्कर में लोगों की जीवन से खिलवाड़ करने नहीं चूकते है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए आबकारी विभाग निरंतर कार्रवाई कर रहा है। जिला आबकारी अधिकारी की सख्ती का असर ही है कि देहात क्षेत्र में होने वाले अवैध शराब के निर्माण को रोकने के लिए आबकारी निरीक्षकों की टीम दिन-रात भूल कर अपनी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।


जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रभम ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही है। बाहरी राज्यों की शराब तस्करी हो या फिर अवैध शराब का निर्माण करना, दोनों को रोकने के लिए प्रतिदिन अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को आबकारी निरीक्षक राकेश त्रिपाठी की टीम द्वारा थाना लोनी के अन्तर्गत भूपखेड़ी, सीती एवं थाना-टीला मोड़ के अंतर्गत, भनेडा, जावली आदि हिंडन खादर क्षेत्रों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान टीम को झाडिय़ों के बीच छिपाकर रखी 25 लीटर अवैध कच्ची शराब और करीब 150 किलोग्राम लहन बरामद हुआ।

अवैध कच्ची शराब को कब्जे में लेकर बरामद लहन को मौके पर नष्ट करा दिया गया है। आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत 1 अभियोग पंजीकृत किया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया हिंडन खादर क्षेत्र में होने वाले अवैध शराब के निर्माण को रोकने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मगर आबकारी विभाग द्वारा माफिया के खिलाफ जब छापेमारी की जाती है तो उससे पहले ही शराब माफिया के लोग नदी व घनी झाडिय़ों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो जाते है।

जनपद में शराब माफिया पर कार्रवाई के लिए विभाग कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। शराब माफिया के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। जिस भूमि पर भट्टी जल रही होती है, उसके मालिक का पता लगाकर उसपर कार्रवाई के लिए लिखा जाता है। जिससे शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेंं। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।