अस्थाई कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि, मेयर और नगरायुक्त को सम्मानित किया

गाजियाबाद। नगर निगम में तैनात अस्थाई सफाई कर्मचारियों को वेतन बढ़ोत्तरी से काफी राहत मिली है। पिछले दिनों आयोजित नगर निगम की बोर्ड बैठक में वेतन वृद्धि का प्रस्ताव पारित कर दिया गया था। इसके मद्देनजर सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों ने मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर को सम्मानित किया। कार्यक्रम में मेयर आशा शर्मा ने कहा कि अस्थाई सफाई कर्मचारियों के वेतन वृद्धि की मांग लंबे समय से चली आ रही थी। इस मांग को पूरा कर दिया गया है। वेतन बढ़ोतरी होने से अस्थाई कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।

नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि स्थाई हो या अस्थाई कर्मचारी, सभी नगर निगम का परिवार हह्यैं। इनका ख्याल रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश महासचिव एवं प्रदेश प्रवक्ता पार्षद प्रदीप चौहान के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों द्वारा महापौर एवं नगर आयुक्त का स्वागत किया गया। नवयुग मार्केट स्थित बाल्मीकि पार्क में आयोजित कार्यक्रम में पार्षद प्रदीप चौहान ने कहा कि नगर निगम के अस्थाई माली,सफाईकर्मी, गैगमैन,बिजली विभाग में तैनात कर्मचारी लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे थे।

पिछले करीब दो साल से कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की कोशिश चल रही थी। नगर निगम की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पेश किया गया। इस पर महापौर एवं नगर आयुक्त के अलावा पार्षदों का बड़ा सहयोग रहा। प्रत्येक अस्थाई कर्मचारी का वेतन प्रतिदिन 366.54 रुपए प्रति दिन की दर से बढ़ाकर किया गया। इसके अलावा 100 रुपए अतिरिक्त भत्ता दिए जाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान संघ के जिलाध्यक्ष राहुल चौहान, महानगर अध्यक्ष शक्ति जीनवाल, राजेश चौहान आदि मौजूद रहे।