कांवड़ यात्रा के मद्देनजर नगर निगम ने शुरू की तैयारियां, खुलेगा कंट्रोल रूम

कांवड़ शिविरों में बर्तन बैंक का इस्तेमाल करेगा निगम

गाजियाबाद। श्रावण महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखकर नगर निगम ने अपने स्तर से प्लानिंग शुरू कर दी है। इसके मद्देनजर जल्द विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा। श्रावण महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखकर मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मेयर आशा शर्मा ने कांवड़ मेले के मद्देनजर नगर निगम का कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम का जल्द नंबर जारी करने को कहा गया।

इसके अलावा कांवड़ शिविरों में नगर निगम द्वारा अपने बर्तन बैंक का प्रयोग किया जाएगा। कांवड़ यात्रा एवं मेले की बात करें तो दुहाई गांव से लेकर दिल्ली-यूपी बॉर्डर तक का एरिया नगर निगम सीमा क्षेत्र में आता है। सिद्वपीठ दूधेश्वरनाथ मंदिर, शंभू दयाल इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज,घंटाघर रामलीला मैदान, ठाकुर द्वारा तिराहा पर मुख्य रूप से सभी व्यवस्था निगम द्वारा की जानी हैं। महापौर एवं नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुचारू रूप से की जाए। सिद्वपीठ दूधेश्वर नाथ मंदिर के आसपास बिजली आपूर्ति के लिए जेनरेटर से प्रकाश व्यवस्था की जाए। विद्युत पोल पर ऐसी व्यवस्था की जाए ताकि उनमें करंट न उतरे। सिद्वपीठ दूधेश्वरनाथ मंदिर से लेकर शहर के अन्य मंदिरों पर जहां कांवडिय़ां रूकेंगे।

वहां की सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के साथ फॉगिंग,चूने का छिड़काव,कूड़ा उठाने वाले छोटे वाहनों की व्यवस्था के साथ मंदिर परिसर एवं आसपास कूड़ा निस्तारण के लिए आवश्यकतानुसार सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। प्रर्याप्त संख्या में मोबाइल टायलेट की व्यवस्था की जाए। बैठक में अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, उद्यान प्रभारी डॉ.अनुज सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, अधिशासी अभियंता जलकल योगेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।

श्रावण महाशिवरात्रि पर्व को ध्यान में रखकर नगर निगम ने अपने स्तर से प्रयास शुरू कर दिए हैं। महाशिवरात्रि पर शिवभक्तों द्वारा नगर निगम सीमा क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों पर जलाभिषेक किया जाता है। इसकी पूरी सूची तैयार कर ली गई हैं। पांचों जोन में कुल 543 मंदिर है। इनमें कविनगर जोन में 136, मोहनगर 145, विजय नगर में 29, वसुंधरा में 61, सिटी जोन में 172 मंदिर हैं। इनमें सफाई व्यवस्था दुरूस्त कराई जाएगी।
महेंद्र सिंह तंवर
नगरायुक्त
गाजियाबाद नगर निगम