कोरोना के खिलाफ खोड़ा नगर पालिका की मुहिम

-साफ-सफाई और सैनेटाइजेशन कार्य जोरों पर

गाजियाबाद। कोरोना संकट काल में नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर गंभीरता से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहा है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भडाना के निर्देश पर शनिवार को साप्ताहिक बंदी को देखकर नगर पालिका की विभिन्न टीमों द्वारा पूरे पालिका क्षेत्र में, मुख्य बाजारों में एवं कंटेनमेंट क्षेत्रों में वृहद स्तर पर सैनेटाइजेशन अभियान चलाया गया। इसके साथ ही वृहद साफ-सफाई का अभियान भी चलाया गया। अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भडाना का कहना है कि कोरोना की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। साफ-सफाई एवं सैनेटाइजेशन का काम गंभीरता से हो रहा है। इसके लिए विभाग की कई टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने बताया कि नागरिकों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। इस काम में पार्षदों का भी सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोनो का खात्मा करने को आम जन का सहयोग जरूरी है। नागरिकों को कोरोना संक्रमण की भयावहता को ध्यान में रखकर कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन करना चाहिए ताकि वह संक्रमण की चपेट में आने से बच सकें। अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भडाना ने कहा कि खोड़ा कॉलोनी में जहां जरूरत है, वहां साफ-सफाई और सैनेटाइजेशन पर ध्यान दिया गया है। इसके अच्छे परिणाम भी सामने आ रहे हैं। मास्क को घर से निकलते समय अवश्य लगाए। बार बार हाथ धोएं, इसके अतिरिक्त लोगों से मिलते समय दो गज की दूरी का पालन अनिवार्य रूप से करें।