ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए मारा-मारी, जरूरतमंदों को उपलब्ध नहीं

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के चलते कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर को लेकर मारामारी जारी हैं। आइसोलेशन में रहकर उपचार करवा रहे जरूरतमंद मरीजों को समय पर आक्सीजन सिलेंडर नहीं मिल पा रहे है। जिले में ऑक्सीजन सिलेंडर की किल्लत जारी है। मगर जिला प्रशासन-पुलिस इसमें नाकाम साबित हो रही हैं। जिला प्रशासन ने साउथ साइड ऑफ जीटी रोड में मैसर्स तारणहार गैसेज के प्लांट से खाली सिलेंडरों में आक्सीजन भरवाने की व्यवस्था की है। हरिद्वार से 100 टन ऑक्सीजन मंगाई गई। इस व्यवस्था के शुरू होने के बाद यहां भी लोगों की भीड़ लग गई। खाली सिलेंडरों में ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई। इसके बाद आक्सीजन खत्म हो गई। लोगों को ऑक्सीजन भरवाने के लिए यहां पर परेशानी का सामना करना पड़ा। जिला प्रशासन द्वारा फिलहाल ऑक्सीजन सिलेंडर को लेकर कोई इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। ऐसे हाल में मरीजों को ऑक्सीजन नहीं मिल पाने की वजह से वह दम तोड़ रहे हैं। एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि ऑक्सीजन की डिमांड ज्यादा हो गई है। हरिद्वार से ऑक्सीजन मंगाने के बाद खाली सिलेंडरों में भराई गई है। इसके अलावा ओर डिमांड की गई थी। मगर ऑक्सीजन नहीं मिल पा रही हैं। एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि फिलहाल ऑक्सीजन बाहर से नहीं आ पाई है। 24 घंटे में 300 सिलेंडरों में आक्सीजन भरी गई। जिससे की आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि प्लांट से आक्सीजन देने का कोई समय निश्चित नहीं किया गया है। यहां पर जब आक्सीजन उपलब्ध रहेगी तो दी जाएगी।प्रयास है कि रोजाना शाम को प्लांट पर आक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिन लोगों ने खुद सिलेंडरों का इंतजाम किया है और उनके मरीज आइसोलेशन में हैं,उनको मदद मिल रही है, लेकिन प्रयास किया जा रहा है कि जल्द ही 200 सिलेंडर जिला प्रशासन की ओर से मरीजों को दिए जाएं।ताकि वे आइसोलेशन में घर पर रहकर ही उपचार करवा सकें।जिले में सिलेंडर की भारी कमी है। इसलिए यह व्यवस्था शुरू नहीं हो पा रही है। उन्होंने अपील की है कि जिन लोगों के पास सिलेंडर हैं वह जरूरतमंदों को मुहैया कराएं। बेवजह खाली सिलेंडरों को अपने पास न रखें।