मौलाना आजाद एजूकेशन फांउडेशन की बैठक सम्पन्न

नई दिल्ली/गाजियाबाद। मौलाना आजाद एजूकेशन फांउडेशन की जनरल व गवर्निंग बाड़ी की बैठक नई दिल्ली कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री व फांउडेशन के अध्यक्ष जनाब मुख्तार अब्बास नकवी ने की। बैठक में फाउंडेशन द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न सामाजिक-आर्थिक-शैक्षिक सशक्तिकरण एवं रोजगारपरक कौशल विकास कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।

बैठक में मुंबई में चल रहे 40वें हुनरहाट की समीक्षा की गई एवं देश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले आगामी हुनर हाटों की तैयारियों व अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा हस्तशिल्प और शिल्प कौशल के इतिहास वाले परिवार अपने पूर्वजों की विरासत से दूर जा रहे थे। बाजार और अवसर की कमी के कारण यह विरासत विलुप्त होने के कगार पर थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वदेशी कारीगरों और शिल्पकारों की पैतृक परंपराओं के संरक्षण, सुरक्षा और संवर्धन के लिए प्रभावी कदम उठाए।

हुनर हाट ने देश के दूर-दराज की दस्तकारी एवं हस्तशिल्प को एक मंच प्रदान किया है और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दी है। अब्बास नकवी ने कहा कारीगरों और शिल्पकारों की युवा पीढ़ी भी हुनर हाट जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी ऐतिहासिक परंपरा को पार कर रही है। हुनर हाट ने कारीगरों और शिल्पकारों के जीवन में आर्थिक क्रांति ला दी है। बैठक में सचिव मधुकर नायक व एसपी सिंह तेवतिया, उपाध्यक्ष सरदार एसपी सिंह, कोषाध्यक्ष शाकिर अंसारी, तारिक मंसूर, जाफरीन महजबीन, अशरफ, सलीम खान, मुन्नवरी बेगम, ज़ाहिद हुसैन, अली रजा बिलाल, डाक्टर मीर अली, व नवनियुक्त सदस्य अफशान चिश्ती सहित विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।