-प्रतिष्ठित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों की मदद लेगा नगर निगम, नगरायुक्त ने लिखा पत्र
-विश्व पृथ्वी दिवस पर सघन पौधरोपण किया गया
गाजियाबाद। विश्व पृथ्वी दिवस पर नगर निगम ने शहर में सघन पौधरोपण किया। इसके अलावा प्रदूषण की रोकथाम एवं शहर को हरा-भरा बनाने के लिए नगर निगम ने नए कदम उठाए हैं। इसके मद्देनजर नगरायुक्त ने शहर के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, प्रतिष्ठानों, प्रतिष्ठित समूह और उद्योगपतियों को पत्र भेजा है। पत्र में उन सभी से अनिवार्य रूप से सघन पौधरोपण करने के लिए कहा गया है। इससे प्रदूषण मुक्त एवं स्वच्छ वातावरण स्थापित करने में मदद मिल सकेगी। शहर को पॉल्यूशन फ्री, हरा-भरा और खूबसूरत बनाने के लिए नगर निगम हरसंभव कोशिश कर रहा है। इसी क्रम में शहर में सघन पौधरोपण की तैयारी की गई है। इसके चलते नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने प्रतिष्ठित व्यक्तियों, प्रतिष्ठानों, प्रतिष्ठित समूह और उद्योगपतियों को पत्र भेजकर सहयोग करने की अपील की है।

उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित प्रतिष्ठान निजी खर्च अथवा सीएसआर एक्टिविटी के तहत सहयोग कर सघन पौधरोपण कर सकते हैं। संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों से अपील की गई है कि वह वृहद स्तर पर प्लांटेशन कराकर अपनी इस एक्टिविटी को भी पूरा कर सकते हैं। साथ ही पृथ्वी को सुंदर और स्वच्छ वातावरण में बदल सकते हैं। इससे ना सिर्फ पृथ्वी का सौंदर्यीकरण बढ़ेगा बल्कि शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने में भी सहयोग मिलेगा। उन्होंने बताया कि नगरायुक्त के निर्देशन में शहर की बड़ी कंपनियों के साथ-साथ कोको कोला, पेप्सी, टाटा स्टील, स्कूल-कॉलेज, बिल्डर व अन्य को पत्र के माध्यम से सघन पौधरोपण में सहयोग के लिए अपील की गई है। उधर, विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर नगर निगम के उद्यान विभाग ने मोहन नगर जोन तथा अन्य स्थानों पर नागरिकों के सहयोग से पार्षदों के सुझाव अनुसार प्लांटेशन का कार्य किया गया। पौधरोपण के उपरांत स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने होम कंपोस्टिंग के विषय में विस्तृत चर्चा की। किस प्रकार घरेलू कचरे को घर के भीतर निस्तारित कर सकते हैं। इसके अलावा नगर निगम द्वारा शहर के प्रतिष्ठानों के साथ मिलकर विशेष योजना बनाई जा रही है, जिसमें नगर निगम तथा प्रतिष्ठान मिलकर शहर हित में मियावाकी पद्धति से जंगल बसाए जाएंगे, जिससे नागरिकों को काफी लाभ मिलेगा तथा प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी।

नगर निगम भी शहर हित में बेहतर कार्य कर पाएगा। नगरायुक्त द्वारा शुरू किए गए लंगस ऑफ गाजियाबाद अभियान के अंतर्गत इंडस्ट्रीयल एरिया, स्कूल-कॉलेज, व्यवसायिक प्रतिष्ठान इत्यादि को आमंत्रित करने के लिए पत्र जारी किया गया है, जिससे इस अभियान में जुड़ कर ऐसे स्थान चिन्हित किए जाएंगे, जहां पर मियांवकी पद्धति से वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। नगर निगम द्वारा मियांवकी पद्धति से सिटी, कविनगर तथा विजय नगर ज़ोन में वृहद स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। इसी तर्ज पर राजीव कॉलोनी, अर्थला तथा वसुंधरा जोन के अंतर्गत क्षेत्र चिन्हित किए गए हैं। जहां पर प्रतिष्ठान व नगर निगम मिलकर मियांवकी पद्धति से पौधरोपण कर शहर हित में सहयोग करेंगे। बुलंदशहर औद्योगिक क्षेत्र के पार्क या ऐसे स्थान जहां जनमानस का आवागमन कम रहता है, ऐसे पार्कों को चिन्हित किया जाएगा। जहां पर सघन पौधरोपण कर नागरिकों को प्रदूषण से मुक्ति दिलाए जाने का प्रयास किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति एवं प्रतिष्ठान जो शहर हित के कार्य में अपनी सहभागिता देना चाहते हैं, मोबाइल नंबर-8178016949 पर संपर्क कर सकते हैं।
















