4.84 करोड़ के विकास कार्यों का महापौर ने किया शिलान्यास

गाजियाबाद। विजयनगर जोन क्षेत्र के लगभग 12 वार्डों में नगर निगम द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्य सड़कों के निर्माण, नाला-नाली निर्माण आदि कार्यों का शिलान्यास किया गया। सोमवार को महापौर सुनीता दयाल ने पार्षदों की मौजूदगी में विजयनगर जोन क्षेत्र के लगभग 12 वार्डों में कराए जाने वाले 4.84 करोड़ रुपए की लागत से 35 विकास कार्यों का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। महापौर को शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विजयनगर क्षेत्र में नगर निगम की सरकारी भूमि पर कब्जा मिला।महापौर ने तत्काल संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम को कब्जा की गई जमीनों को कब्जा मुक्त कराने के आदेश दिए।इन वार्डों में 15वें वित्त आयोग के फंड और पार्षद कोटे के यह विकास कार्य निगम द्वारा कराए जाएंगे।

इस दौरान पार्षद कन्हैया,पार्षद पूनम सिंह,पार्षद सीमा यादव, पार्षद स्वरूप,पार्षद रितु,पार्षद ओम प्रकाश ओड़,पार्षद संतोष सिंह,पार्षद नरेश जाटव, पार्षद मुन्नी देवी,पार्षद मंजू देवी,पार्षद जगत सिंह आदि मौजूद रहे। विजयनगर जोन क्षेत्र में विकास कार्यों का शिलान्यास करने के लिए पहुंची महापौर सुनीता दयाल का कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने स्वागत करते हुए धन्यवाद प्रकट किया। महापौर ने कहा कि विजयनगर जोन क्षेत्र में पहली बार इतने विकास कार्यों के उद्घाटन एक बार में हुए हैं। पार्षदों के प्रयास से विकास कार्य अब जल्द पूर हो सकेंगे। इनमें 15वें वित्त आयोग के फंड से 2.18 करोड़ रुपए की लागत से वार्ड-1 क्रिश्चियन बागू में रोजवैली स्कूल तक आरसीसी नाले का निर्माण, कार्बन फैक्ट्री का बड़ा नाला,प्रधानमंत्री आवास योजना के भवनों में जल निकासी के लिए नाले का निर्माण आदि विकास कार्य कराए जाएंगे। वहीं, महापौर क्षेत्र में कई जगह निरीक्षण करने पहुंची। सुदामापुरी टंकी परिसर के पास नगर निगम की कई जगह भूमि पर कब्जा मिला। महापौर ने तत्काल निगम के संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम को उक्त जमीनों पर कब्जा होना पाए जाने उन्हें अवगत कराकर निगम की भूमि से जल्द कब्जा हटाने के निर्देश दिए।जमीन को कब्जा मुक्त कराकर अवगत भी कराया जाए।