गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए महिलाओं और पुरूषों में उत्साह देखने को मिल रहा है। लॉकडाउन होने के चलते कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर लोग टीकाकरण केंद्रों पर लाइन में लगकर टीका लगवा रहे हैं। जिले में अब तक 3 लाख से अधिक लोग टीका लगवा चुके हैं। गुरूवार को जिला महिला अस्पताल में संचालित टीकाकरण केंद्र पर भीड़ लग गई। वहीं,सेक्टर-23 संजयनगर स्थित जिला संयुक्त अस्पताल में भी टीका लगवाने वालों की भीड़ रहीं। आसपास के ही नहीं दूर-दराज के लोग भी टीका लगवाने पहुंच रहे हैं। इन केंद्रों पर रोजाना 300 से 500 लोगों को टीका लगाया जा रहा हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अब तक 3 लाख से अधिक लोगों को कोरोनारोधी टीका लग चुका है। 3 लाख 05,778 में से 2,49,973 को वैक्सीन की पहली डोज और 41,805 लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। जिला संयुक्त अस्पताल में संचालित टीकाकरण केंद्र की प्रभारी डा. प्रियंका समनिया ने बताया कि गुरूवार को कुल 450 लोगों को टीका लगाया गया है।जबकि 60 वर्ष से अधिक उम्र के 250 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है। जिला महिला अस्पताल टीकाकरण केंद्र की प्रभारी डॉ.पवन कुमारी ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर जाकर वैक्सीन की पहली डोज के लिए पंजीकरण करवाते हुए टीका लगवाया जा सकता है। टीका नि:शुल्क लगाया जा रहा है। निजी केंद्र पर पहली डोज लगवाने वालों के लिए सरकारी केंद्रों पर दूसरी डोज लगाई जा रही है। जिला महिला अस्पताल में सुबह नौ बजे से शाम के पांच बजे तक टीकाकरण किया जा रहा है।इसके अलावा जिला एमएमजी अस्पताल,जिला महिला अस्पताल, जिला संयुक्त अस्पताल संजयनगर,नगरीय स्वास्थ्य केंद्र शास्त्रीनगर,घूकना, पटेलनगर, विजयनगर, अटौर, दुहाई, सिहानी,पटेलनगर,पसौंडा,महाराजपुर, मकनपुर, खोड़ा, राजनगर, बम्हैटा, बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र, सीएचसी डासना, लोनी, मुरादनगर, भोजपुर,ईएसआइसी राजेंद्र नगर साहिबाबाद में लगवा सकते हैं।















