मकनपुर तालाब की सफाई करने खुद पहुंच गए नगरायुक्त

गाजियाबाद। शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में शुक्रवार को मकनपुर तालाब की सफाई की गई। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया। इस कार्य में वॉलिंटियर्स का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगरायुक्त कितना गंभीर हैं, इसका ताजा उहादहरण शुक्रवार को देखने को मिला। दरअसल मकनपुर तालाब की साफ-सफाई करने के लिए नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर खुद पहुंच गए। इससे वॉलिंटियर्स का भी मनोबल बढ़ा। वसुंधरा जोन के अंतर्गत मकनपुर तालाब पर शुक्रवार को सफाई अभियान चलाया गया। स्वच्छता अभियान में से-अर्थ तथा भारतीयम एनजीओ का नगर निगम को सहयोग मिल रहा है। अमृत सरोवर महोत्सव के अंतर्गत शहर में विभिन्न स्थानों पर समय-समय पर अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मेयर आशा शर्मा के मार्गदर्शन में मकनपुर तालाब की सफाई कराई गई। आस-पास के नागरिकों ने भी इस काम में सहयोग दिया। स्वच्छता अभियान के दौरान तालाब से कचरा, प्लास्टिक, खाली बोतलें इत्यादि बाहर निकाले गए। स्थानीय नागरिकों से अपील की गई कि तालाब में किसी प्रकार का कचरा ना डाला जाए।

शहर को स्वच्छ बनाने में वह नगर निगम का सहयोग करें। नगरायुक्त की उपस्थिति ने नगर निगम टीम तथा वॉलिंटियर्स को भी मोटिवेट किया। इसके अलावा शहर में जन-जागरूकता अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति शहरवासियों को जागरूक करने के लिए भी उत्साहित किया गया। इस मौके पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, वसुंधरा जोन के स्वास्थ्य विभाग के चीफ पवन कुमार, से-अर्थ संस्था से मोहित, श्वेता, कंचन, देवांश शर्मा, अमित भाटी, सोनू मावी आदि मौजूद रहे।