देशभक्ति नारों से गूंजा नगर निगम, उत्साह पूर्वक मनाई गई गांधी जयंती

महात्मा गांधी के जीवन से मिलती है अपने कर्म के प्रति निष्ठावान रहने की सीख: महापौर

गाजियाबाद। गांधी जयंती के मौके पर सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में महापौर सुनीता दयाल एवं निगम अधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। सभी ने एक स्वर में भारत माता की जय तथा देश के बलिदानों का जयघोष किया। म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार शहर में जिस प्रकार निगम अधिकारी सफाई अभियान में जुटे हुए हैं। इस प्रकार वृहद स्तर पर स्वच्छता का कार्य कर, गांधी जयंती के पर्व पर श्रद्धांजलि स्वरूप स्वच्छाजलि दी जा रही है। जिसमें जन-जन का सहयोग निगम को प्राप्त हो रहा है।

कार्यक्रम के अंतर्गत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर महापौर सुनीता दयाल ने माल्यार्पण किया। उसके बाद अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव द्वारा महापुरुषों को नमन किया गया। महापौर ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। महात्मा गांधी के साथ-साथ देश की बलिदानों को याद किया गया। उनके पद चिन्ह पर चलने के लिए उपस्थित जनों को प्रेरित किया गया। शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता को बनाए रखने के लिए भी महापौर ने सभी निगम अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को उत्साहित किया।

महापौर ने कहा महात्मा गांधी आज भी पूरे विश्व में अपनी प्रासंगिकता को बनाए हुए हैं। महात्मा गांधी ने जिस जीवन को जिया उसके जरिए उन्होंने सभी को अपने कर्म के प्रति निष्ठावान रहने की सीख दी। उन्होंने कहा महात्मा गांधी की अहिंसा की नीति को आज पूरे विश्व ने माना है। आज भारत आजादी के 76वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, इसके पीछे महात्मा गांधी की वह नीतियां हैं, जिन्होंने अंग्रेजों से आजादी दिलाने का काम किया।

महात्मा गांधी ने यह साबित किया कि अहिंसा के रास्ते से भी लोगों का दिल जीता जा सकता है। जब देश में अन्न की कमी हुई तो लाल बहादुर शास्त्री ने एक दिन का उपवास रखने की अपील की थी और पूरा देश उनके साथ खड़ा हो गया था। उस दौरान देश भर में लोगों ने एक दिन का उपवास रखा। गांधी जयंती के अवसर पर नगर पालिका बालिका विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति गीत गायन प्रस्तुति दी।

इस दौरान मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, मुख्य कर अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा, स्वास्थ्य नगर अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, सहायक नगर आयुक्त विवेक त्रिपाठी, समस्त जोनल प्रभारी, पार्षद उदित मोहन, विनील दत्त, नीरज गोयल, रामनिवास बंसल आदि ने महापौर को फूलों का बुके भेंट कर जन्मदिन की बधाई दी।