शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में जुटा नगर निगम

गड्ढा मुक्त निरीक्षण मे मिली लापरवाही पड़ेगी भारी

गाजियाबाद। शहर की टूटी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए नगर निगम ने वृहद स्तर पर पैच वर्क का कार्य शुरू कर दिया है। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए पार्षदों द्वारा अपनी शिकायतें निर्माण विभाग में दर्ज कराई थी। जिसके चलते नगर आयुक्त के निर्देशानुसार शहर की समस्त सड़कें जो कि निगम की है। उन पर पैच वर्क का कार्य जारी है। जिसके लिए नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने निर्देश जारी किए कि निगम की सड़कों को शत-प्रतिशत गड्ढा मुक्त किया जाए। यदि उनके द्वारा निरीक्षण में कहीं भी सड़को पर गड्ढा पाया गया तो अधिकारी भी कार्रवाई के लिए तैयार रहे। किसी भी कार्यों में लापरवाही बर्दास्त नही होगी।


मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी ने बताया कि शहर के पांचों जोन में वृहद स्तर पर पैच वर्क का कार्य कराया जा रहा है। कविनगर, विजयनगर तथा सिटी जोन के अंतर्गत अधिशासी अभियंता जैदी की देखरेख में पैच वर्क का कार्य कराया जा रहा है। दूसरी तरफ मोहन नगर तथा वसुंधरा जोन में भी अधिशासी अभियंता निर्माण देशराज सिंह की देखरेख में पैच वर्क कार्य शुरु हो गया है। जिसमें पार्षदों का विशेष सहयोग टीम को मिल रहा है। ग्रैप लगने के कारण कार्य देरी से शुरू हुआ पर जल्द ही निगम की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा।


नगर आयुक्त के निर्देश के क्रम में शहर में कहीं भी निगम की सड़कें गड्ढा मुक्त होने से छूट ना जाए। इस विषय को लेकर लगातार देखा जा रहा है कि निगम के निर्माण विभाग की टीम मौके पर जाकर विजिट कर रही है। साथ ही शहर के मुख्य मार्गों का लगातार जायजा चल रहा है। जिन स्थानों पर पैच वर्क की आवश्यकता है, वहां तत्काल टीम लगाकर कार्यवाही कराई जा रही है। ताकि नगर आयुक्त के फाइनल दौरे से पूर्व निगम की सभी सड़कों को शत प्रतिशत गड्ढा मुक्त कराया जा सकें। निर्माण विभाग की टीम से वार्ता करते हुए जानकारी दी गई कि वसुंधरा जोन के अंतर्गत कौशांबी, वैशाली तथा वसुंधरा के क्षेत्र में पैच वर्क का कार्य चल रहा है। दूसरी तरफ मोहन नगर जोन में भी शालीमार गार्डन राजेंद्र नगर लाजपत नगर के मुख्य मार्गों पर पैच वर्क का कार्य चल रहा है। लगभग 7 दिन के अंदर पैच वर्क पूरा हो जाएगा। जिसकी रिपोर्ट नगर आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इसी प्रकार अन्य क्षेत्रों में मुख्य मार्गों को पैच वर्क में शामिल किया गया है। जिन पर लगभग 7 दिन में पैच वर्क कार्य पूरा हो जाएगा।


ग्रैप प्रतिबंध हटने के बाद पैच वर्क के कार्य में आई रफ्तार
नंद ग्राम मुख्य मार्ग पर पैच वर्क कार्य पूर्ण होने के उपरांत वार्ड संख्या 49 से वीरेंद्र त्यागी, वार्ड संख्या 32 के पार्षद दीपक त्यागी, वार्ड संख्या 17 के पार्षद देवेंद्र भारती तथा अन्य क्षेत्रीय निवासियों ने नगर निगम का धन्यवाद जताया। इसी क्रम में शहर के अन्य कई मुख्य मार्ग जहां पर लगातार पैच वर्क जारी है। जिसके पूर्ण होने पर वहां के निवासियों द्वारा नगर निगम का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही जहां-जहां निगम सड़कों पर गड्ढे हैं उनकी सूचना पार्षदों द्वारा समय-समय पर दी जाती रही है। जिससे नगर निगम को सहयोग प्राप्त हुआ है। जो कि सराहनीय है। लगभग 1 सप्ताह में नगर निगम का चल रहा पैच वर्क कंप्लीट हो जाएगा। जिससे निगम की सड़कें पूर्ण रूप से गड्ढा मुक्त हो जाएंगी अन्य विभागों की सड़कों पर भी पैच वर्क होने से संपूर्ण शहर की सड़कें गड्ढा मुक्त होंगी।