दीवाली, छठ पर्व से पूर्व शहर को चमकाने में जुटा नगर निगम

-नगर आयुक्त ने दीवाली, छठ पर्व से पूर्व व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

गाजियाबाद। दशहरा पर्व संपन्न होने के बाद दीवाली और छठ की तैयारी शुरू हो गयी है। निगम प्रशासन प्रकाश का पर्व दीवाली के साथ लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर शहर को सुंदर बनाने की कवायद में उतर आया है। छठ पूजा स्थलों में एकत्र गंदगी, खोदी सड़क और बंद लाइटों को दुरुस्त करने की तैयारी की जा रही है। नगर निगम की टीम दीपावली में तैयारी में लगी है। दीपावली के छह दिन बाद छठ पूजा है। ऐसे में अभी से कार्रवाई नहीं हुई तो छठ पूजा स्थलों तक जाना मुश्किल हो जाएगा। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को सही करने में जुट गया है।

पूर्व निर्मित छठ घाटों की मरम्मत व रंगाई का कार्य नगर निगम निर्माण विभाग की टीम द्वारा शहर मे मनाए जाने वाले महापर्व छठ पूजा के लिए घाटों का निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार तत्काल प्रभाव से पूर्व निर्मित छठ घाटों की मरम्मत रंगाई पुताई वह साफ सफाई का कार्य कराने की तैयारी जोरों पर चल रही हैं। जिसके लिए योजना बनाई जा रही है। मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी को प्रमुखता से शहर के गड्ढों को भरने के लिए आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए गए है। साथ ही छठ पर्व की तैयारियों को भी बेहतर करने के लिए कहा गया है।

प्रकाश व्यवस्था की कार्यवाही में आई तेजी
मेयर एवं नगर आयुक्त के निर्देशानुसार मुख्य मार्गों के साथ-साथ वार्ड की आंतरिक गलियों में लाइट व्यवस्था सुचारू कराई जा रही है। पार्षदों के क्षेत्र में उनके द्वारा बताए गए स्थानों पर तत्काल प्रभाव से लाइट व्यवस्था करने के लिए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। जिसके क्रम में शहर के सभी वार्डों में लाइट की मरम्मत करने का कार्य जोरो से किया जा रहा है। साथ ही आवश्यकतानुसार लाइटों को रिप्लेस भी किया जा रहा है।

प्रभारी प्रकाश योगेंद्र यादव ने बताया कि दीपावली से पूर्व नगर निगम सीमा अंतर्गत प्रमुखता से लाइट व्यवस्था का कार्य कराया जा रहा है। त्योहारों से पूर्व अन्य साफ सफाई की व्यवस्था को भी बेहतर करने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया है। कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए नगर आयुक्त द्वारा अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव तथा अरुण कुमार यादव को लगातार शहर निरीक्षण के लिए कहा गया। ताकि शहर में त्योहारों को मनाने के लिए निगम की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रहें।