100 करोड़ रुपए राजस्व वसूलने के लिए नगर निगम ने कसी कमर

गाजियाबाद। नगर निगम ने वित्तीय वर्ष-2021-22 में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली के लिए कमर कस ली है। इसके मद्देनजर 31 मार्च तक का गृहकर, जलकर और सीवर की वसूली का लक्ष्य निर्धारित कर लिया गया है। इसके तहत वित्तीय वर्ष से पहले 100 करोड़ रुपए की वसूली का टारगेट तय किया गया है। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कैंप कार्यालय पर अपर नगर आयुक्त एवं वरिष्ठ प्रभारी टैक्स अरूण कुमार यादव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ.संजीव सिन्हा समेत सभी पांचों जोन के जोनल प्रभारियोंं एवं टैक्स अधीक्षक के साथ बैठक करते हुए यह निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को टैक्स वसूली के लिए उत्साहित करते हुए सभी जोन से हाउस टैक्स वसूली का लक्ष्य निर्धारित कर दिया। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने बताया कि वित्तीय वर्ष-2021-22 से पहले सभी जोनल प्रभारियों को हाउस टैक्स वसूली का लक्ष्य दिया गया है। ताकि हाउस टैक्स के बकाएदारों से बकाया वसूली करते हुए 100 करोड़ रुपए टैक्स वसूली का लक्ष्य पूरा किया जा सके। उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त द्वारा प्रतिमाह टैक्स को लेकर समीक्षा की जा रही हैं। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि सभी जोनल प्रभारियों को निर्देश दिए गए है कि वसुंधरा और कविनगर जोन का पहले से अधिक टैक्स वसूली का लक्ष्य रखा जाएगा। इससे निगम की आय में बढ़ोतरी होगी। शहर में विकास कार्य तेजी से कराए जा सकेंगे। हाउस टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम ने ऑनलाइन सुविधा दी जा रही है। टैक्सदाता जोनल कार्यालय एवं ऑनलाइन अपना हाउस टैक्स जमा कर सकते हैं।