गाजियाबाद। नगर निगम ने दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर की सड़कों को रोशन कर दिया है। मुख्य मार्गों एवं वार्डों के भीतर साढ़े 6 हजार लाइटों को दुरूस्त कर चालू कराया गया है। इससे सड़कों पर उजाला हो गया है। धनतेरस पर सड़कों पर रोशनी फैली दिखाई दी। मेयर आशा शर्मा एवं नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर नगर निगम ने शहर में करीब 6500 लाइटों को ठीक कराकर चालू किया है।
सोडियम लाइट को बदल कर सभी लाइट अधिक रोशनी की फ्लड लाइट एलईडी लगाई गई हैं। इन लाइटों के लगने से पहले से अधिक रोशनी सड़कों पर दिख रही है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि दीपावली को देखकर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार का काम तेजी से कराया जा रहा है। प्रकाश विभाग द्वारा लाइटों की मरम्मत एवं नई लाइट लगाने का कार्य किया गया है। वहीं, वार्डों में आंतरिक गलियों में खराब लाइट को बदलने के बाद नई लाइट लगाई गई हैं। दीपावली से पहले शहर में स्ट्रीट लाइटों को बदल कर सड़कों को रोशन करने का काम किया गया।
अपर नगरायुक्त एवं प्रकाश प्रभारी शिव पूजन यादव ने बताया कि मुख्य मार्गों के लिए 6500 लाइट खरीदी गई। इनमें सोडियम लाइट और हाईमास्ट को मिलाकर 788 लाइटों को पोल पर लगवाया गया। सोडियम 3 हजार लाइट 190 वाट की लगवाई गई। हाईमास्ट पर यह लाइट भी लगवाई गई। इन लाइटों के स्ट्रीट पोल पर लगने के बाद करीब आधा किलोमीटर दूर तक रोशनी रहेगी। शहर में सभी 190 वाट की एलईडी लाइटों को लगाया गया है।
















