नगर निगम ने बनाई वेस्ट चीजों से बेस्ट आकृति

राजेंद्र नगर में शहीद मेजर मोहित शर्मा की बनाई आकृति

गाजियाबाद। शहर की रोजमर्रा की शिकायतों का समाधान करने के साथ-साथ गाजियाबाद नगर निगम द्वारा किए जा रहे शहर की खूबसूरती के लिए कार्य की खूब प्रशंसा हो रही है। वेस्ट प्लास्टिक से बेस्ट आकृति बनाने का नगर निगम की मुहिम शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम कर रही है।

नगर निगम द्वारा शहर में शहीदों के सम्मान में भी गंभीरता से काम कराया जा रहा है। विभिन्न समस्याओं के समाधान के साथ-साथ मेयर आशा शर्मा तथा म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में शहीदों के सम्मान में भी अहम भूमिका निभाई जा रही है। मोहन नगर जोन में म्युनिसिपल कमिश्रर के निर्देशानुसार राजेंद्र नगर स्थित एमफॉरयू चौराहे पर शहीद मेजर मोहित शर्मा की शहादत व सम्मान में एक बंदूक तथा 6 गार्ड बंदूक की रक्षा करते बनाए गए हैं, जोकि वेस्ट प्लास्टिक से बनाई गई है, जिसमें आर्टिस्ट सरफराज व साक्षी का सहयोग रहा।

सिटी जोन में जी-142 गांधीनगर स्थित पार्क तथा मार्ग का नाम भारतीय वायु सेना के जांबाज स्क्वाड्रन लीडर शहीद समीर अब्रोल के नाम पर रखा जाएगा। इसके लिए म्युनिसिपल कमिश्रर के निर्देशानुसार उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज तथा निर्माण विभाग के अभियंता देशराज द्वारा मौके पर कार्य प्रारंभ कराने के लिए निरीक्षण किया गया। शहर की रोजमर्रा की शिकायतों का समाधान करने के साथ-साथ गाजियाबाद नगर निगम द्वारा किए जा रहे इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा पार्षद तथा आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों द्वारा की गई।