कोरोना काल में दोहरी जिम्मेदारी निभा रहा नगर निगम

-जनता की सुविधा को देखकर सामान्य कार्य भी सुचारू रखने की चुनौती

गाजियाबाद। कोरोना संकट काल में नगर निगम की जिम्मेदारी पहले से ज्यादा बढ़ गई है। सिर पर हर वक्त जान का खतरा मंडराने के बावजूद नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन करने से कतई पीछे नहीं हट रहे। कोरोना काल में म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर अभिभावक की भूमिका में नजर आ रहे हैं। जानलेवा आपदा से अपने स्टाफ को बचाने और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखकर वह रणनीतिक तरीके से कार्यों को अंजाम दे रहे हैं। परिणाम स्वरूप कोविड-19 महामारी से शहरवासियों के बचाव की व्यवस्था के साथ-साथ सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखकर नगर निगम के नियमित कार्यों को पूरा कराया जा रहा है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए जारी व्यवस्थाओं के साथ-साथ शहर के नियमित कार्य जरूरी हैं। मौजूदा समय में नगर निगम के कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी डबल हो गई है। एक तरफ वह कोरोना संक्रमण के खिलाफ संघर्षरत हैं तो दूसरी ओर वह शहरवासियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण से निपटने को शहर में वृहद स्तर पर सैनेटाइजेशन, फॉगिंग और साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने नगर निगम के सभी अधिकारियों, विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि विभाग के नियमित कार्य निरंतर बिना प्रभाव के चलते रहे। साथ नगर निगम के समस्त परिवार को सोशल डिस्टेंसिंग व कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया है। उन्होंने आम नागरिकों व पार्षदों से ईमेल, व्हाट्स-एप, ट्विटर, फेसबुक पर अपनी शिकायत एवं सुझाव भेजने की अपील भी की है। कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए प्रतिदिन मुलाकात/बैठक संभव न होने की दशा में गाजियाबाद नगर निगम की विंडो पर अपने पत्र भी भेज सकते हैं, जिनका संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि कोविड-19 बचाव की जिम्मेदारी पूर्ण करने के साथ-साथ नगर निगम नियमित कार्य व दायित्वों को भी सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क, 2 गज की दूरी, सैनेटाइजर का प्रयोग आदि नियमों का पालन कर निभा रहा है। जिसके क्रम में शहर की प्रकाश व्यवस्था, बाजारों में मुख्य चौराहों पर, वार्ड में पार्कों में, लाइट की उचित व्यवस्था बनाए रखने का कार्य, सभी वार्डों की सफाई व्यवस्था के तहत प्रतिदिन चौराहों, बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर उचित सफाई व्यवस्था का कार्य, निर्माण व्यवस्था में वार्डों की आंतरिक गलियों में निर्माण कार्य के लिए कार्रवाई व अन्य आवश्यक कार्य, पेयजल हेतु संबंधित सभी कार्य, पार्कों की नियमित साफ-सफाई, आवश्यक कार्य सोशल डिस्टेंसिंग के साथ पूर्ण कर रहा है। महापौर आशा शर्मा तथा म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर द्वारा शहरवासियों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ दैनिक कार्य करने की अपील की गई है।