-अभियान के दौरान असमाजिक तत्व भी खदेड़े गए
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा कविनगर जोन स्थित विवेकानंद नगर फ्लाईओवर के नीचे से सोमवार को अवैध झुग्गियों को हटाया गया। इस दौरान लगभग 55 झुग्गियों को हटाया गया। मौके से कुछ असमाजिक तत्वों को भी खदेड़ दिया गया।
जोनल प्रभारी कविनगर हरि कृष्ण गुप्ता के मुताबिक उद्यमियों की तरफ से अतिक्रमण हटवाने के संबंध में कई शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। उद्योग बंधुओं की बैठक के दौरान जिलाधिकारी के निर्देश प्राप्त हुए।
जिसके क्रम में नगरायुक्त के निर्देश के उपरांत नगर निगम ने जिम्मेदारी निभाकर पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर लगभग 55 झुग्गियों को हटाया। साथ ही वहां पर अवैध रूप से लगाए गए काउंटरों को भी हटाया गया। इन काउंटरों की संख्या लगभग 20 थी। मेयर आशा शर्मा को भी उक्त स्थल से अवैध रूप से होने वाली गतिविधियों की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं तथा उक्त स्थान पर अवांछनीय लोगों को हटाने के लिए पुलिस बल द्वारा महत्वपूर्ण सहयोग किया गया।
नगर निगम के वरिष्ठ संपत्ति प्रभारी एवं अपर नगरायुक्त आर.एन. पांडे, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ, प्रवर्तन दल प्रभारी दीपक शरण आदि की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के बाद आस-पास के नागरिकों ने नगर निगम की टीम का आभार जताया। इन नागरिकों ने कहा कि नगर निगम ने ना सिर्फ सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया है बल्कि आस-पास के क्षेत्रों में होने वाली चोरी-चकारी व लूटपाट की वारदातों से भी क्षेत्रीय नागरिकों को बचाया गया है।
नागरिकों ने यह भी अवगत कराया कि इस प्रकार की अवैध रूप से बनी हुई झुग्गी झोपड़ियों के कारण शहर की सुंदरता धूमिल हो रही थी। सुंदर ग्रीन बेल्ट जोकि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा सुसज्जित की गई थी, उसे भी अवैध रूप से घेर लिया गया था। अतिक्रमण हटाने में नागरिकों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।















