सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ रेस में यूपी में गाजियाबाद नगर निगम थर्ड, नगर विकास मंत्री ने नगरायुक्त को सम्मानित किया

नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर की कार्यशैली को फिर मिली योगी सरकार की प्रशंसा

गाजियाबाद। सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त उत्तर प्रदेश अभियान में नगर निगम ने प्रशंसनीय काम कर दिखाया है। इसकी तारीफ अब सूबे की राजधानी लखनऊ तक में हुई है। वायु प्रदूषण के खिलाफ जारी इस अभियान में बेहतर कार्य करने पर समूचे उप्र में गाजियाबाद नगर निगम को तीसरा स्थान मिला है। इसके मद्देनजर खुद नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर की पीठ थप-थपाकर उन्हें सम्मानित किया है।

नगरायुक्त को दूसरी बार मिली सराहना
गाजियाबाद शहर में मॉनिंग में स्वच्छता अभियान चलाए जाने को लेकर भी पूर्व में नगर विकास मंत्री ने ट्वीट कर नगरायुक्त की प्रशंसा की थी। यानी नगरायुक्त तंवर के काम को अब योगी सरकार से भी सराहना मिल रही है। सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त उत्तर प्रदेश अभियान के अंतर्गत गाजियाबाद शहर में नगर निगम द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शपथ समारोह, नुक्कड़ नाटक एवं स्वच्छता अभियान के जरिए आमजन को भी जागरूक करने का प्रयास किया गया। रिड्यूस अवेयरनेस सर्कुलर इंगेजमेंट कार्यक्रम के अंतर्गत मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त के निर्देशन में सिंगल यूज प्लास्टिक के एकत्रीकरण, पुनर्चक्रण तथा प्रतिबंध के नियमों के लिए चलाए गए अभियान में नगर निगम को बड़ी सफलता भी मिली है।

नागरिकों को जागरूक करने में सफलता
रेस कार्यक्रम में पूरे उत्तर प्रदेश में नगर निगम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश के नेतृत्व में भी विभिन्न कार्यक्रम कराए गए। इन कार्यक्रमों में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों, पार्षदों तथा एनजीओ संस्थान का भी विशेष सहयोग रहा। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। उधर, नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर पुरस्कृत किया। मेयर आशा शर्मा ने कहा कि शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने में सभी का सहयोग है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त अभियान में नगर निगम को सफलता मिली है। इसके फलस्वरूप उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।

इन अभियानों ने दिलाई कामयाबी
नागरिकों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया। बर्तन बैंक, थैला बैंक तथा प्लास्टिक लाओ और खाद ले जाओ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। हिंडन नदी पर सफाई अभियान भी चलाया गया। इस प्रकार वृहद स्तर पर सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध चलाए गए अभियान का असर देखने को मिला है। जगह-जगह अभियान चलाकर नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील की जा रही है।

शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम गंभीरता से प्रयासरत है। इस मुहिम में पार्षदों, एनसीओ, आरडब्ल्यूए इत्यादि का अपेक्षित सहयोग मिल रहा है। नागरिक भी वायु प्रदूषण की गंभीर समस्या को लेकर जागरूक हो रहे हैं। इस मुहिम में नागरिक भी सहयोग करने लगे हैं। यही कारण है कि यह अभियान सफलता की तरफ अग्रसर है।
महेंद्र सिंह तंवर
नगरायुक्त
गाजियाबाद नगर निगम