गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा जल्द ही अर्थला में लैंड ऑफ मैनेजमेंट कमेटी (एलएमसी) की जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से बनाई गई 12 दुकानों को ध्वस्त किया जाएगा। इस मामले की शिकायत नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर से की गई है। इन दुकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी, इसके लिए संपत्ति विभाग ने तैयारी कर दुकानों पर लाल निशान लगा दिए हैं।
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी आरएन पांडेय ने बताया कि संपत्ति विभाग की अर्थला में राधा कृष्ण मंदिर के पास ही एलएमसी की जमीन है। खसरा नंबर-1064 पर ही दुकान बनाई गई हैं। एलएमसी की जमीन पर ही टीन शेड डालकर पशुपालन का कार्य भी किया जा रहा था, हाल ही में टीनशेड को ध्वस्त कराया गया है। दुकानों को खाली करने के लिए दुकानदारों को चेतावनी दी गई है। प्रवर्तन दल और पुलिस की मदद से एक सितंबर को दुकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के संपत्ति विभाग ने जिन दुकानों को ध्वस्त करने की तैयारी की है,वह कई वर्ष पहले बनाई गई थी, इसमें संपत्ति विभाग के अधिकारियों की ही मिलीभगत होने का भी शक है। जिस कारण दुकानों का निर्माण कार्य होने के दौरान कार्रवाई नहीं की गई। हाल ही में सुदामापुरी में तोड़ी गई थी दुकानें: हाल ही में नगर निगम ने सुदामापुरी में पार्क की जमीन पर कब्जा कर बनाए गए मकान और दुकानों को ध्वस्त कराया है। इसके बाद दूसरी बड़ी कार्रवाई अब अर्थला में किए जाने की तैयारी की गई है।अपर नगर आयुक्त आरएन पांडेय ने बताया कि सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अर्थला में एलएमसी की जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई 12 दुकानों को ध्वस्त कराने का निर्णय लिया गया है।
















