नगर निगम के धमाकेदार दीपावली मेले का शानदार तरीके से होगा आगाज

मेयर और नगरायुक्त ने तैयारियों का लिया जायजा

गाजियाबाद। कविनगर रामलीला मैदान में दीपावली मेले को लेकर नगर निगम ने जोर-शोर पर तैयारियां आरंभ कर दी हैं। यह मेला बेहद धमाकेदार होगा। दर्शकों को मनोरंजन का भरपूर मौका मिलेगा। मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को रामलीला मैदान पहुंच कर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। आगंतुकों के लिए वहां सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मेला स्थल पर प्रतिदिन फॉगिंग कराई जाएगी। इसके अलावा एंटी लारवा का छिड़काव पूरे रामलीला मैदान के बाहर कराया गया है। कोविड प्रोटोकॉल का होगा पालन
कोविड-19 नियमों का पालन के तहत दीपावली महोत्सव मनाया जाएगा। स्ट्रीट वेंडरों के लिए विशेष सुविधा नगर निगम द्वारा की गई है। मेला स्थल पर 200 से अधिक ठेली-पटरी दुकानदारों को स्टॉल दिए गए हैं, ताकि पहला अवसर उन्हें मिले और पटरी दुकानदारों के रोजगार में वृद्धि हो सके। अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार को मेले का प्रभारी बनाया गया है। अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर दीपावली महोत्सव में प्रतिदिन दर्शकों के मनोरंजन के लिए अलग-अलग कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। मेले में झूलों की व्यवस्था भी कराई गई है। सोशल डिस्टेंसिंग के आधार पर बच्चों को झूला झुलाया जाएगा। स्थानीय कलाकारों को तवज्जो
मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को रामलीला मैदान कविनगर का जायजा लिया। वहां सभी सुविधाओं को देखा गया ताकि महोत्सव के दौरान आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशान न हो।मेयर ने बताया कि शहर में संस्कृति को बढ़ाने देने के लिए शहर के कलाकारों को ही दीपावली महोत्सव में मौका दिया गया है। हर प्रकार से पहले शहरवासियों को नगर निगम द्वारा आमंत्रित किया गया है, ताकि शहर के कलाकारों को उभारा जा सके और उन्हें एक अच्छा प्लेटफार्म दिया जा सके। औपचारिक उद्घाटन गुरुवार की शाम
गुरुवार की शाम 6 बजे मेले का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। इसके पहले सुबह से सभी तैयारियां जारी रहेंगी। मेले में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ राजनीतिक और गणमान्य लोग भी उपस्थित होंगे। निरीक्षण के दौरान अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार, अपर नगरायुक्त शिव पूजन यादव आदि अधिकारी मौजूद रहे।