सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम की महत्वपूर्ण मुहिम, प्लाग रन कार्यक्रम आयोजित

गाजियाबाद। सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त उत्तर प्रदेश अभियान गाजियाबाद शहर में जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को हिंडन तट पर प्लाग रन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उम्मीद से ज्यादा नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान थैला बैंक, बर्तन बैंक और प्लास्टिक लाओ खाद पाओ जैसे कार्यक्रम आकर्षक का केंद्र रहे। नगर निगम द्वारा संचालित इन कार्यक्रमों की नागरिकों ने ना सिर्फ प्रशंसा की बल्कि अपना सहयोग देने का भी आश्वासन दिया। कार्यक्रम में मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरूक किया।

हिंडन तट को कचरा मुक्त किया
नगर निगम द्वारा कराए गए प्लाग रन कार्यक्रम के तहत हिंडन नदी को कचरा मुक्त एवं प्लास्टिक मुक्त किया गया। इस मुहिम में मेयर और नगरायुक्त ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने नदी किाारे से कचरा एकत्र कर कपड़े की थैली में भरा। जन-जागरूकता अभियान के लिए नगर निगम द्वारा थैला बैंक लगाया गया था। जिसके माध्यम से प्लास्टिक के पॉलीबैग का इस्तेमाल बंद करने की अपील की गई। प्लास्टिक के पॉलीबैग के स्थान पर कपड़े तथा कागज से तैयार थैले इस्तेमाल में लाने के लिए थैले बांटे गए।

बर्तन बैंक और थैला बैंक का स्टॉल लगा
बर्तन बैंक का भी स्टॉल लगाया गया। स्टॉल के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया गया। वहां आए नागरिकों को बताया गया कि घर में आयोजित कार्यक्रमों में बर्तन का इस्तेमाल किया जाए, जिससे गंदगी कम होगी और डिस्पोजेबल कम एकत्र होगा। इससे स्वच्छता में भी सहयोग मिलेगा। इसके अलावा प्लास्टिक लाओ खाद ले जाओ का भी संदेश दिया गया, जिसमें विभिन्न सोसाइटी की आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी एवं एनजीओ संस्थान के पदाधिकारियों को प्लास्टिक लाने पर खाद्य देने की मुहिम चलाई गई। यह खाद पेड़-पौधों में इस्तेमाल हो सकेगी, जिससे शहर से ज्यादा से ज्यादा प्लास्टिक एकत्र होगी और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त अभियान को सफलता मिल सकेगी।

पार्षदों ने साफ-सफाई में सहयोग दिया
कार्यक्रम को सफल बनाने में पार्षदों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पार्षदों ने भी हिंडन तट पर पहुंच कर साफ-सफाई की। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम को योजनाबद्ध तरीके से चलाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप्र सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप एवं भाजपा के महानगराध्यक्ष संजीव शर्मा रहे। इस दौरान नगर निगम की टीम ने सभी को टी-शर्ट तथा कैप का वितरण किया। टी शर्ट और कैप पहन कर सभी ने अभियान में हिस्सा लिया। टी-शर्ट पर भी सिंगल यूज प्लास्टिक अभियान का स्लोगन लिखा था।

साफ-सुथरा बनाया जाएगा शहर
सभी वॉलिंटियर्स को स्वच्छता में सहयोग देने के लिए सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। इस मौके पर अपर नगरायुक्त अरुण कुमार यादव, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह के अलावा गाजियाबाद नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर अतुल राघव तथा रामवीर तंवर आदि मौजूद रहे। उधर, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने बीड़ा उठाया है। जनप्रतिनिधियों एवं जनता के सहयोग से इस मुहिम को सफल बनाने की हरसंभव कोशिश की जाएगी। पार्षदों, नागरिकों एवं वॉलिंटियर्स का सहयोग मिल रहा है।